अब अपराधी भी ले रहे क्राइम के लिए ChatGPT का सहारा, फर्जी IPL टिकट का खुलासा
Last Updated:
Lucknow News: यूपी के इकाना स्टेडियम के बाहर फर्जी IPL टिकट बेचने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं और सोशल मीडिया से असली टिकटों की तस्वीर डाउनलोड कर हूबहू नकली टिकट तैयार करते थे.
लखनऊ फर्जी आईपीएल टिकट सेल (सांकेतिक तस्वीर)
लखनऊ: लखनऊ के अटल बिहार वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम के बाहर फर्जी IPL टिकट बेचने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. साइबर सेल और उत्तर प्रदेश पुलिस की सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं और सोशल मीडिया से असली टिकटों की तस्वीर डाउनलोड कर हूबहू नकली टिकट तैयार करते थे.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी श्रीकांत बोरकर, नूतन कुमार साहू, राजेंद्र चौधरी और विश्वजीत साहू के रूप में हुई है. पूछताछ में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook, Instagram और YouTube से असली IPL टिकटों की फोटो जुटाता था. इसके बाद कोरल ड्रा एप्लीकेशन की मदद से टिकटों की डिजाइन तैयार की जाती थी. टिकट की साइज, पेपर क्वालिटी और डिजाइन से जुड़ी तकनीकी जानकारी लेने के लिए आरोपियों ने ChatGPT का भी इस्तेमाल किया था.
आरोपियों के पास से बरामद हुई ये चीजें
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी IPL टिकट, लैपटॉप, मोबाइल फोन, ATM कार्ड, बैंक पासबुक, टिकट प्रिंटिंग का सामान और घटना में प्रयुक्त एक रिट्ज कार बरामद की है. आरोपियों की ओर से फर्जी टिकटों को असली बताकर लोगों से UPI के जरिए पैसे लिए जाते थे. मामले का खुलासा तब हुआ जब जालौन निवासी प्रदीप सिंह 7 मई को IPL मैच देखने के लिए इकाना स्टेडियम पहुंचे. स्टेडियम के बाहर कुछ युवकों ने उन्हें दो टिकट बेचे, जिसके बदले आरोपियों ने उनसे ऑनलाइन 1000 रुपये ट्रांसफर करा लिए. जब प्रदीप टिकट लेकर एंट्री गेट पर पहुंचे तो स्टेडियम कर्मचारियों ने टिकट को फर्जी बता दिया.
शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई
इसके बाद पीड़ित ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे पुलिस ने दोदनखेड़ा चौराहे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि आर्थिक तंगी और नया ऑफिस खोलने के लिए पैसों की जरूरत थी. इसी वजह से उन्होंने नकली IPL टिकट बेचने की योजना बनाई.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.