इधर बद्री भोजनालय, उधर चिकन कॉर्नर…मुजफ्फरनगर कांवड़ मार्ग पर हिंदू संगठनों का हंगामा
Last Updated:
Muzaffarnagar News : मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा से ठीक पहले होटलों और ढाबों की पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. ऐसा ही एक मामला दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे-58 पर सिसौना गांव के पास स्थित एक होटल में देखने को मिला. यहां अलग-अलग नामों से चल रहे नॉनवेज ढाबा और कन्फेक्शनरी को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक ही परिसर में एक ओर “किंग चिकन कॉर्नर” नाम से नॉनवेज ढाबा चल रहा है, जबकि उसी परिसर में “श्री बद्री विशाल भोजनालय” और “श्री बद्री विशाल कन्फेक्शनरी” के नाम से बोर्ड भी लगाए गए हैं.
मुजफ्फरनगर के सिसौना में एक होटल पर पहुंचे हिंदू संगठन के कार्यकर्ता.
मुजफ्फरनगर. यूपी के मुजफ्फरनगर में एक बार फिर कांवड़ मार्ग पर होटलों और ढाबों की पहचान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे-58 पर सिसौना गांव के पास स्थित एक होटल में अलग-अलग नामों से चल रहे नॉनवेज ढाबा और कन्फेक्शनरी को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया. आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने होटल पर लगे बोर्ड और फ्लैक्स उतारकर आग के हवाले कर दिए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पिछले 2 वर्षों से कांवड़ यात्रा से पहले इस तरह के विवाद लगातार सामने आ रहे हैं.
मेरे आराध्य….
सिसौना के पास स्थित एक होटल उस समय विवादों में आ गया जब हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता वहां पहुंचे. कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक ही परिसर में एक ओर “किंग चिकन कॉर्नर” नाम से नॉनवेज ढाबा चल रहा है, जबकि उसी परिसर में “श्री बद्री विशाल भोजनालय” और “श्री बद्री विशाल कन्फेक्शनरी” के नाम से बोर्ड भी लगाए गए हैं. इसी को धार्मिक आस्था से जुड़ा मुद्दा बताते हुए कार्यकर्ताओं ने विरोध दर्ज कराया और होटल पर लगे “किंग चिकन कॉर्नर” के बोर्ड व फ्लैक्स को हटाकर जला दिया. हिंदू रक्षा दल के युवा जिला अध्यक्ष हेमंत शर्मा अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे थे. हेमंत शर्मा के अनुसार, हाईवे पर स्थित एक होटल “श्री बद्री विशाल” नाम से चल रहा है और उसके ठीक नीचे “किंग चिकन कॉर्नर” का बोर्ड लगा हुआ था. उनका कहना है कि उनके आराध्य श्री बद्री विशाल के नाम और फोटो के साथ चिकन बेचने पर उन्हें आपत्ति है, इसी सूचना पर वे और उनके साथी वहां पहुंचे और बोर्ड हटाए.
क्या बोले होटल मालिक नरेश
होटल मालिक नरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने होटल परिसर का एक हिस्सा किराए पर दिया हुआ है, जहां आजाद नाम का युवक “किंग चिकन कॉर्नर” संचालित करता है, जबकि “श्री बद्री विशाल कन्फेक्शनरी” उनका खुद का कारोबार है. नरेश कुमार का आरोप है कि बिना पूरी जानकारी लिए कार्यकर्ताओं ने बोर्ड तोड़ दिए और कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की भी की, जिससे उन्हें लगभग 20,000 रुपये का नुकसान हुआ. दूसरी ओर, होटल को किराए पर लेकर नॉनवेज ढाबा चला रहे मुस्लिम युवक आजाद चौधरी ने कहा कि उनका कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही कारोबार बंद करने का समझौता पहले से तय था. उनका आरोप है कि उनकी गैरमौजूदगी में उनके बोर्ड हटाकर जला दिए गए और उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई. आजाद का कहना है कि वह कुछ ही दिनों बाद स्वयं होटल खाली करने वाले थे.
हिंदू संघर्ष समिति की चेतावनी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है. इधर, हिंदू संघर्ष समिति के संरक्षक नरेंद्र पंवार उर्फ साधु गुर्जर ने इस प्रकरण को धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांवड़ मार्ग पर नाम और पहचान को लेकर भ्रम की स्थिति समाप्त नहीं की गई, तो कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले व्यापक अभियान चलाया जाएगा.
About the Author

प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें