उम्र 17, कमाई महीने की एक लाख, करेले ने बदल दी यूपी के इस किसान की किस्मत, जानें ट्रिक
Last Updated:
Farming tips : सोनू बताते हैं वे पिछले तीन साल से सब्जियों की खेती में जुटे हैं. इस बार करेले की खेती में किस्मत आजमाई. इसकी बुवाई मार्च महीने में की थी. जुलाई में भी बंपर उत्पादन हो रहा है.
सोनू बताते हैं कि इसकी फसल को तैयार करने में आमतौर पर प्रति बीघा 30 हजार रुपए की लागत आती है. जब बिक्री होती है तो हाथों-हाथ जमकर होती है. दाम भी अच्छे मिल जाते हैं. अगर बाजार में इसकी तगड़ी डिमांड रहे तो दो से ढाई लाख रुपए तक प्रति बीघा कमाई कर सकते हैं. यानी हर महीने 1 लाख तक का मुनाफा हो सकता है.
किसान सोनू राठौर लोकल 18 से बताते हैं कि इसे उगाने के लिए पहले जमीन की रोटावेटर या कल्टीवेटर से अच्छी तरीके से जुताई करके खरपतवार हटा लें. आप इस फसल को बरसात के मौसम में भी बो सकते हैं. गोबर को जैविक खाद की तरह प्रयोग कर सकते हैं. उन्नतशील बीजों को बोना फायदेमंद है. सोनू के अनुसार, इस फसल को हम मचान विधि और खुले मैदान में जमीन पर भी फैलाकर फसल प्राप्त कर सकते हैं. कल्याणपुर बारहमासी, काशी हरित, सफेद काशी उर्वशी, सोलन पूसा 2 जैसी किस्में लाभकारी हैं.
करेले की खेती करने वाले किसान सोनू के अनुसार, इसमें बैक्टीरिया लगने से इसके बेल और पत्तियों पर सफेद गोलाकार जाला जैसा दिखाई देने लगता है. बाद में वह कत्थई रंग का हो जाता है. इस रोग में पत्तियां पीली होकर सूखने लगती हैं. ऐसे में इस रोग से बचाव के लिए देसी तरीके से 5 लीटर खट्टा छाछ और 2 लीटर गोमूत्र के साथ ही 40 लीटर पानी मिलाकर छिड़काव करें. इससे 3 सप्ताह तक करेले की बेल सुरक्षित रहती है. नमी के अनुसार, हर तीसरे दिन सिंचाई भी कर सकते हैं.