कानपुर चिड़ियाघर में रेड अलर्ट, बर्ड फ्लू से फैल गई दहशत, 26 कर्मचारियों को तो…
Last Updated:
Kanpur News: यूपी के कानपुर स्थित चिड़ियाघर से बड़ी खबर सामने आई. यहां एक शेर और एक मोर की मौत का कारण सामने आ गया. जांच में दोनों की मौत बर्ड फ्लू से होने बताया गया.
कानपुर चिड़िया घर में बर्ड फ्लू.
हाइलाइट्स
- कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू से हड़कंप मचा.
- 26 कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया.
- चिड़ियाघर 20 मई तक बंद रहेगा.
कानपुरः उत्तर प्रदेश के कानपुर चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू (H5N1) के फैलने से हड़कंप मच गया. राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD), भोपाल की रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि चिड़ियाघर में मरे एक शेर और एक मोर की मौत बर्ड फ्लू के कारण हुई थी. वायरस के शेर और बाघ के बाड़ों तक पहुंचने की पुष्टि के बाद चिड़ियाघर को रेड जोन घोषित कर दिया गया है. चिड़ियाघर के 26 कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया.
लखनऊ से आई एक विशेषज्ञ टीम ने कानपुर चिड़ियाघर का निरीक्षण किया और जैव-सुरक्षा उपायों को लागू किया. चिड़ियाघर में सैनिटाइजेशन और फॉगिंग का काम तेजी से चल रहा है. 26 कर्मचारियों के खून के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए हैं, और इन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया. अन्य कर्मचारियों के नमूने भी जल्द लिए जाएंगे. किसी भी कर्मचारी में अभी तक बर्ड फ्लू के लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन सतर्कता के तौर पर निगरानी बढ़ा दी गई है.
20 मई तक चिड़ियाघर बंद
चिड़ियाघर को 20 मई तक बंद रखने का आदेश दिया गया है. यह कदम गोरखपुर चिड़ियाघर में बाघिन शक्ति की बर्ड फ्लू से मौत और कानपुर में शेर पटौदी की मौत के बाद उठाया गया है. अधिकारियों ने बताया कि वायरस का मुख्य स्रोत स्थानीय प्रवासी पक्षी हो सकते हैं, जो मानव बस्तियों के पास रुकते हैं.
जांच में जुटी टीम
सभी चिड़ियाघरों में स्वास्थ्य जांच और पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी गई है. विशेषज्ञों ने बताया कि 70 डिग्री सेल्सियस पर 30 मिनट तक उबालने पर वायरस निष्क्रिय हो जाता है. रेंजर नवेद इकराम ने बताया कि अन्य जानवरों की सेहत पर कड़ी नजर रखी जा रही है. केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने भी पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की है, जो 15 दिनों में विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी.

माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.
माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से स्नातकोत्तर किया. वर्तमान में न्यूज़18 हिंदी डिजिटल में कार्यरत. राजनीति, क्राइम से जुड़ी खबरें लिखने में रूचि.