काशी में हीट वेव से जंग, चौराहों पर लग रहे ग्रीन पर्दे और ठंडे फव्वारे शुरू
Last Updated:
भीषण गर्मी और 45 डिग्री तक पहुंचे तापमान से जूझ रहे वाराणसी में नगर निगम ने राहत के लिए खास पहल शुरू की है. शहर के प्रमुख चौराहों पर ग्रीन पर्दों के जरिए छांव की व्यवस्था की जा रही है, साथ ही ठंडे पानी के छिड़काव और फव्वारों की सुविधा भी शुरू की गई है. रथयात्रा, सिगरा, मलदहिया और लंका जैसे व्यस्त चौराहों पर किए गए इन इंतजामों से राहगीरों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को हीट वेव से काफी राहत मिल रही है. नगर निगम द्वारा पेयजल की व्यवस्था भी जगह-जगह की जा रही है, जिससे चिलचिलाती धूप में लोगों को बड़ी राहत महसूस हो रही है.
वाराणसी. हर जगह गर्मी का भीषण सितम जारी है, पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और आसमान से आग भी बरस रही है. प्रचंड गर्मी से राहत के लिए वाराणसी नगर निगम ने बड़ी पहल की है. पहली बार काशी के प्रमुख चौराहों पर नगर निगम की ओर से ग्रीन पर्दे से छांव की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा गोदौलिया चौराहे पर फव्वारा भी लगाया जाएगा. जिससे 24 घण्टे ठंडे पानी का छिड़काव आने जाने वाले राहगीरों पर किया जाएगा. फिलहाल वाराणसी के रथयात्रा चौराहे से इसकी शुरुआत हुई है. रथयात्रा चौराहे को दो मोड़ पर 50 फीट लंबे पर्दे से छांव की व्यवस्था की गई है. नगर निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर के रथयात्रा, सिगरा, मलदहिया और लंका चौराहे पर पर्दे के जरिए छांव की व्यवस्था की जा रही है. इससे लोगों को हीट वेव से बचने में राहत मिलेगी. उन्होंने बताया कि इसके लिए स्प्रिंकल गाड़ियों से ठंडे पानी का छिड़काव भी लगातार कराया जा रहा है. इसके अलावा जगह जगह पेयजल की व्यवस्था भी नगर निगम की ओर से प्रमुख चौराहों पर की जा रही है.
लोगों को बड़ी राहत
लोकल-18 से बातचीत में राजू ने बताया कि नगर निगम के इस कदम से हर दिन चौराहों से गुजरने वाले राहगीरों को गर्मी से राहत मिल रही है. इसके अलावा काशी आने वाले पर्यटक को भी इससे सीधे तौर पर फायदा है. वहीं प्रशांत ने बताया कि इस वक्त गर्मी अपनी प्रचंडता पर है इससे उन राहगीरों को सीधा फायदा है जो रेड सिंगलन पर 35 से 45 सेकेंड तक तपती धूप के नीचे खड़े रहते थे. ऐसी व्यवस्था शहर के सभी चौराहों पर होनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सकें.
घाट से सड़क तक सन्नाटा
सड़को के अलावा घाटों पर भी नगर निगम की ओर से ऐसे इंतजाम किए गए हैं. ताकि पूजा अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालु और पर्यटकों को भी राहत मिलें. बताते चलें कि दिन की शुरुआत के साथ ही काशी के घाटों पर सन्नाटा पसरा दिख रहा है. ऐसा ही हाल दोपहर के वक्त शहर के अधिकांश सड़कों का भी है.
About the Author
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें