गंदगी हटाओ, विरासत बचाओ, आजमगढ़ के 111 गांव की जीवनदायिनी को मिलेगा नया रूप, तमसा नदी के लिए चलेगा मेगा क्लीनिंग ड्राइव
Last Updated:
UP News: आजमगढ़ की ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण तमसा नदी एक बार फिर जीर्णोद्धार के रास्ते पर है. जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय ने मनरेगा योजना के तहत नदी को स्वच्छ, अविरल और प्रदूषणमुक्त बनाने की…और पढ़ें
आजमगढ़: जनपद की जीवनदायनी कहीं जाने वाली तमसा के लिए सफाई अभियान एक बार फिर से शुरू किया जा रहा है. जिले में तकरीबन 89 किलोमीटर के क्षेत्र में बहने वाली इस नदी को चारों तरफ से साफ सुथरा बनाया जाएगा. इससे तमसा के पौराणिक महत्व को संरक्षित किया जा सकेगा और इसके आसपास के गांव के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकेगा. जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय ने तमसा नदी की धारा को अविरल एवं निर्मल बनाने के लिए जनपद स्तर पर मनरेगा योजना के तहत तमसा का जीर्णोद्धार अभियान शुरू किया है, जिसके लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया गया.
कई क्षेत्रों में चल रहा सफाई अभियान
तमसा नदी का प्रवाह जिले के 7 विकास खंडों – अहिरौला, मिर्जापुर, तबरपुर, रानी की सारी, पल्हनी, बिलरियागंज और सठियांव से होकर गुजरता है. इसके अंतर्गत 111 ग्राम पंचायतों को अभियान में शामिल किया गया है. ग्राम प्रधानों की मदद से स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी हटाने, जलकुंभियों को साफ करने और तटों पर पौधारोपण का कार्य चल रहा है.
पौराणिक महत्व भी होगा संरक्षित
तमसा नदी सिर्फ जलधारा नहीं, बल्कि धार्मिक विरासत भी है. इसके किनारे दुर्वासा ऋषि, दत्तात्रेय ऋषि, चंद्रमा ऋषि और द्रोणाचार्य के आश्रम जैसे पौराणिक स्थल स्थित हैं. यह सफाई अभियान इन स्थलों को भी नए स्वरूप में प्रस्तुत करने में मददगार होगा.