चीनी के कटोरे में मक्के ने लगाई सेंध…लखीमपुर के किसान इस ट्रिक से उगा रहे गन्ने जितना मक्का
Last Updated:
Lakhimpur kheri news in hindi : कम लागत में ज्यादा फायदा मक्के की खेती का सबसे बड़ा आकर्षण है. मक्का ₹20 से ₹30 प्रति किलो के हिसाब से बिकता है. हमेशा मांग रहती है. किसानों को और क्या चाहिए?
लखीमपुर खीरी. गन्ना बेल्ट माना जाने वाला यूपी का लखीमपुर खीरी जिला नई करवट ले रहा है. यहां के किसान अब मक्के की खेती पर शिफ्ट कर रहे हैं. इससे उन्हें अच्छा खासा मुनाफा होता है. कम लागत में अधिक मुनाफा मक्के की खेती का सबसे बड़ा आकर्षण है. बाजारों में मक्का ₹20 से लेकर ₹30 प्रति किलो के हिसाब से बिकता है. यहां मक्के की खेती किसानों के लिए एक लाभदायक नकदी फसल के रूप में उभर रही है. कई किसान पारंपरिक खेती के साथ नकदी फसलों की ओर भी रुख कर रहे हैं, जिससे उनकी आमदनी में वृद्धि हो रही है.
किसानों ने क्यों पकड़ी दूसरी राह?
एक बीघे मक्के की खेती की लागत 5 से 6 हजार रुपये आती है. इसकी खेती करना भी बहुत ही आसान है. पहले खेत की दो बार जुताई की जाती है, फिर गोबर और वर्मी कंपोस्ट खाद का छिड़काव कर मक्के के बीज बोए जाते हैं. जब पौधा निकल आता है, तो उसकी सिंचाई की जाती है. बुवाई के 80 से 85 दिनों बाद फसल तैयार हो जाती है, जिसे बाजार में बेचा जा सकता है.