जमीनी रंजिश में भाइयों ने बहन को जलाया, गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर
Last Updated:
बहराइच में जमीन विवाद को लेकर एक महिला को जिंदा जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गंभीर रूप से झुलसी महिला ने अपने सौतेले भाइयों और भतीजे पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
बहराइच जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला को उसके सौतेले भाइयों और भतीजों द्वारा पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है. बुरी तरह झुलसी महिला को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया. यह दिल दहला देने वाली वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है. हालांकि, इस मामले में सीओ सिटी ने घटना को संदिग्ध बताते हुए सभी पहलुओं पर जांच की बात कही है.
क्या है पूरा मामला
दरगाह थाना क्षेत्र के नूरुद्दीनचक निवासी 41 वर्षीय चंदा पत्नी राजीव ने बताया कि उसके भाइयों और भतीजों ने जमीनी रंजिश के चलते उस समय आग लगा दी, जब वह घर में सो रही थी. महिला का आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर उसे मारने की साजिश रची थी. इस घटना में उसके सौतेले भाई मोहम्मद शमी, मोहम्मद शफी और भतीजा मोहम्मद आश्मी शामिल थे.
महिला के अनुसार, आग लगने के बाद जब वह अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर निकली, तो आरोपियों ने उसे और उसके पति को पकड़कर रस्सी से बांध दिया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दरगाह पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और महिला व उसके पति को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों को शहर के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया.
गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
महिला की हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया. इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात ईएमओ डॉ. शिवम मिश्रा ने बताया कि दरगाह पुलिस द्वारा गंभीर रूप से झुलसी हुई चंदा नाम की महिला को अस्पताल लाया गया था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के नूरुद्दीनचक में एक घर में आग लग गई है. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वहां चंदा नामक महिला को जली हुई अवस्था में पाया. महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया और बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. आग लगने के कारणों और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है. महिला के पति राजीव की तहरीर के आधार पर पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें