जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत, नगर निगम ने तैयार किया बड़ा मास्टर प्लान
Last Updated:
Ayodhya Latest News: हर साल बारिश शुरू होते ही अयोध्या के कई इलाकों में जलभराव लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है. सड़कें पानी में डूब जाती हैं और आवाजाही ठप हो जाती है. अब इस समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है. योजना के तहत शहर की जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा.
अयोध्या: राम नगरी अयोध्या बरसात के मौसम में शहर के कई इलाकों में होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. नगर निगम ने इसके लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया है. जिसके तहत जल निकासी व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा. संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां स्थायी समाधान की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है. योजना के तहत नालों की सफाई, पुराने नालों का चौड़ीकरण, नए ड्रेनेज नेटवर्क का निर्माण और पंपिंग स्टेशनों की स्थापना की जाएगी.
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष बारिश के दौरान जिन क्षेत्रों में सबसे अधिक जलभराव होता है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा. उद्देश्य यह है कि भारी बारिश के बाद भी शहर की सड़कें लंबे समय तक जलमग्न न रहें और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े.
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि अर्बन फ्लड स्कीम के तहत अयोध्या नगर निगम ने पांच स्थायी पंपिंग स्टेशनों का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था. यह परियोजना उन क्षेत्रों के लिए बनाई गई है जहां की भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि बारिश का पानी आसानी से निकल नहीं पाता और लंबे समय तक जमा रहता है.
उन्होंने बताया कि सर्वे के बाद ऐसे पांच संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है. इनमें चौधरी चरण सिंह घाट, उसरू, जलवानपुरा और जनौरा प्रमुख हैं.इन इलाकों में स्थायी पंपिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे ताकि बारिश के दौरान पानी का तेजी से निकास हो सके.
नगर आयुक्त ने जानकारी दी कि जलवानपुरा में एक पंपिंग स्टेशन पहले से स्थापित है और बेहतर परिणाम दे रहा है.इसके अलावा अन्य पंपिंग स्टेशनों के निर्माण के लिए सीएनडीएस (CNDS) द्वारा टेंडर प्रक्रिया संचालित की जा रही है.टेंडर पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और अगले वर्ष तक सभी पंपिंग स्टेशन तैयार होने की उम्मीद है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई स्थानों पर भारी बारिश के समय अस्थायी पंप लगाकर पानी निकालना पड़ता है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की अधिक आवश्यकता होती है. स्थायी पंपिंग स्टेशन बनने के बाद ऐसी व्यवस्था विकसित हो जाएगी कि बारिश के दौरान जमा होने वाला पानी लगभग आधे घंटे के भीतर बाहर निकाला जा सकेगा.
नगर निगम का कहना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद शहर में जलभराव की समस्या काफी हद तक कम होगी. इससे न केवल आम नागरिकों को राहत मिलेगी बल्कि यातायात भी सुचारु रहेगा और बारिश के मौसम में होने वाली दिक्कतों में उल्लेखनीय कमी आएगी.आने वाले वर्षों में अयोध्या को शहरी बाढ़ की समस्या से सुरक्षित बनाने के लिए यह योजना एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.
About the Author
अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें