तैयार हुआ दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, जानें कब PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी
Last Updated:
Delhi Dehradun Expressway: दिल्ली से उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के बीच सफर को सुगम और तेज बनाने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना ‘दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे’ के उद्घाटन का इंतजार थोड़ा और बढ़ गया है. ताजा अपडेट के अनुसार, एक्सप्रेसवे के उद्घाटन की तारीख को एक बार फिर आगे बढ़ाया गया है. अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल के बाद इस 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे का लोकार्पण कर सकते हैं. हालांकि, आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जिसको दिल्ली से देहरादून की दूरी को कम करने के लिए बनाया गया है उसके उद्घाटन की तारीख को एक बार फिर से आगे बढ़ाया गया है. उम्मीद जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 14 अप्रैल के बाद कर सकते हैं, हालांकि उद्घाटन की तैयारी को लेकर हाईवे के बचे कार्यों को तेजी से पूरा करने को लेकर काम चल रहा है और अधिकारी भी लगातार तैयारी को लेकर निरीक्षण कर रहे हैं.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का अप्रैल के प्रथम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन कर सकते हैं हालांकि अभी उद्घाटन की तारीख तय होना बाकी है. नेशनल हाईवे के अधिकारियों ने 74 किलोमीटर क्षेत्र में कई हिस्सों में सुरक्षा मानकों को बारीकी से परखा है. जिसमें 12 किलोमीटर लंबा वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी शामिल है.

इसके साथ ही डाट काली मंदिर के पास 1995 करोड़ की लागत से 340 मीटर लंबी तीन लेन सुरंग भी शामिल है जिसकी चौड़ाई 11 मीटर व ऊंचाई सात मीटर रखी गई है. इसके अलावा छह एनिमल अंडरपास, दो हाथी अंडरपास, 113 अंडरपास, 76 किमी सर्विस रोड, 62 बस शेल्टर, 16 प्रवेश और निकास द्वार, पांच रेलवे ओवरब्रिज हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे 210 किमी लंबा है जिसका निर्माण लगभग 12,000 से 13,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से किया जा रहा है. यह 6-लेन वाला एक एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे है, जो दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर सहारनपुर के रास्ते देहरादून तक जाता है. जोकि लोगों के सफर को आरामदायक करने के साथ ही दिल्ली से देहरादून की दूरी को भी कम करेगा.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण आधिकारिक तौर पर 4 दिसंबर 2021 को शुरू हुआ था, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसकी आधारशिला रखी थी. यह परियोजना दिल्ली से देहरादून की यात्रा को कम समय में सुगम बनाने के लिए लाई गई थी. इसका निर्माण कार्य 2024 के अंत तक पूरा होना था लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति के चलते लगभग डेढ़ साल अधिक का समय और लग गया. लेकिन अब इसके उद्घाटन का इंतजार खत्म होने को है.

एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेन्द्र सिंह ने टीम के साथ सहारनपुर जिले में कई स्थानों पर निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से हाईवे के बारे में जानकारी लेने के साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए. जिससे यह साफ हो गया है कि एक्सप्रेसवे का उद्घाटन जल्द होने जा रहा है.

मानसून के दौरान देहरादून क्षेत्र में बरसाती नदियों में आई भयंकर बाढ़ को देखते हुए एलिवेटेड रोड के 575 पिलरों में से तेज धारा में आने वाले लगभग 24 पिलर्स की डेढ से दो फीट मोटाई बढाकर और मजबूती दी गई है. यह एलिवेटेड मार्ग मोहंड से शुरू होकर देहरादून में जा रहा है जो की 12 किलोमीटर लंबा है.

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर डाटकाली मंदिर से गणेशपुर तक 12 किमी लंबा एलिवेटेड सेक्शन पूरी तरह तैयार है. यह हिस्सा पहाड़ी बरसाती नदी के ऊपर बनाया गया है. इस एलिवेटेड रोड पर 28 दिसंबर से वाहनों का संचालन हो रहा है. यह एशिया का सबसे लंबा इको-कारिडोर बनाया गया है. एलीवेटेड कारिडोर राजाजी नेशनल पार्क की रमणीय वादियों से होकर गुजरता है.