‘फर्क तो पड़ा है’, राम मंदिर दानपेटी विवाद पर क्या बोले अयोध्या के कारोबारी

0
‘फर्क तो पड़ा है’, राम मंदिर दानपेटी विवाद पर क्या बोले अयोध्या के कारोबारी


Last Updated:

Ram Mandir Donation Controversy: राम मंदिर दानपेटी विवाद के बाद अयोध्या के कारोबारी का क्या कहना है, उनके दुकानदारी पर फर्क पड़ा या नहीं. आइए जानते हैं सबकुछ.

अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चढ़ावा/दान प्रकरण के सामने आने के बाद स्थानीय व्यापार पर इसका असर दिखाई देने लगा है. शहर के कई व्यापारियों का दावा है कि बीते कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है, जिसका सीधा प्रभाव उनके कारोबार पर पड़ा है. खासतौर पर राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और आसपास के प्रमुख धार्मिक स्थलों के पास दुकान लगाने वाले व्यापारी खुद को आर्थिक संकट के दौर में बता रहे हैं.

अयोध्या का पूरा व्यापारिक ढांचा काफी हद तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही पर निर्भर करता है. यहां प्रसाद, धार्मिक तस्वीरें, मैग्नेट, पूजा सामग्री, रामनामी वस्त्र और स्मृति चिह्न बेचने वाले हजारों छोटे व्यापारी रोजाना आने वाले भक्तों से ही अपनी आजीविका चलाते हैं. ऐसे में यदि श्रद्धालुओं की संख्या कम होती है तो उसका सबसे बड़ा असर इन्हीं छोटे दुकानदारों पर पड़ता है.

भगवान राम की तस्वीरें बेच रहे राम सरोज मिश्रा क्या बोले? 
कई वर्षों से मैग्नेट और भगवान राम की तस्वीरें बेच रहे राम सरोज मिश्रा का कहना है कि इन दिनों व्यापार में साफ गिरावट देखने को मिल रही है. उनके मुताबिक पहले की तुलना में अब दुकान पर ग्राहकों की संख्या कम हो गई है. उन्होंने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े चोरी के प्रकरण के बाद श्रद्धालुओं के मन में सवाल पैदा हुए हैं और संभव है कि इसी वजह से लोग फिलहाल अयोध्या आने से बच रहे हों. उनका कहना है कि इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर दिख रहा है.

हनुमानगढ़ी पर लड्डू प्रसाद बेचने वाले जितेंद्र गुप्ता क्या बोले?
वहीं हनुमानगढ़ी पर लड्डू प्रसाद बेचने वाले जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस पूरे मामले के बाद व्यापार में बड़ा फर्क पड़ा है. उन्होंने कहा कि पहले रोज बड़ी संख्या में यात्री और श्रद्धालु आते थे, जिससे दुकानदारी ठीक-ठाक चल जाती थी, लेकिन अब आवागमन कम हो गया है जितेंद्र गुप्ता के अनुसार जब से चढ़ावा चोरी का मामला सामने आया है, तब से यात्रियों की संख्या घटी है. व्यापार लगभग आधा रह गया है. हम लोग काफी परेशान हैं. योगी सरकार से उम्मीद है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी, तभी श्रद्धालुओं का भरोसा लौटेगा और व्यापार फिर पटरी पर आएगा.

व्यापार में लगातार गिरावट से दुकानदारों के सामने नई समस्या
प्रभु राम से जुड़ी सामग्री बेचने वाले ध्रुव गुप्ता भी इसी तरह की चिंता जताते हैं. उनका कहना है कि पहले जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते थे, वहीं अब वह संख्या काफी कम महसूस हो रही है. ध्रुव गुप्ता ने कहा कि व्यापार में लगातार गिरावट से दुकानदारों के सामने नई समस्या खड़ी हो रही है. उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि स्थिति स्पष्ट हो और श्रद्धालुओं का भरोसा फिर से मजबूत हो सके.

अयोध्या का अधिकांश व्यापार श्रद्धालुओं पर टिका
इसी कड़ी में व्यापारी रुचि कुमार ने भी कहा कि ट्रस्ट में चोरी का मामला सामने आने के बाद भक्तों की संख्या में कमी महसूस की जा रही है. उन्होंने कहा कि अयोध्या का अधिकांश व्यापार श्रद्धालुओं पर ही टिका है, इसलिए यात्रियों की संख्या घटने से कारोबार भी प्रभावित होना स्वाभाविक है. उनका कहना है कि सरकार को इस मामले में उचित और पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे और अयोध्या की धार्मिक गरिमा के साथ-साथ यहां का व्यापार भी सुरक्षित रह सके.

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में आई कथित कमी
व्यापारियों का कहना है कि अयोध्या में व्यापार अभी पहले की तरह सुचारू रूप से नहीं चल रहा है. राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में आई कथित कमी ने स्थानीय कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है. अब सबकी नजर प्रशासन और सरकार की कार्रवाई पर टिकी है, क्योंकि व्यापारियों का मानना है कि निष्पक्ष जांच और सख्त कदमों से ही श्रद्धालुओं का विश्वास लौटेगा और अयोध्या का व्यापार फिर से रफ्तार पकड़ सकेगा.

About the Author

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *