बहराइच का दरगाह है सूर्यकुंड, योगी के मंत्री बोले – ASI सर्वे कराएंगे
Bahraich Dargah Controversy : उत्तर प्रदेश के बहराइच एक बार फिर से दरगाह के सर्वे को लेकर बड़ी राजनीतिक बहस छिड़ गई है. योगी सरकार में श्रम एवं सेवायोजन कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बहराइच की दरगाह में एएसआई (एएसआई) सर्वे कराए जाने का बड़ा बयान देकर खलबली मचा दी है. मंत्री राजभर ने साफ शब्दों में कहा है कि बहराइच की दरगाह परिसर में सूर्य कुंड स्थित है, और इसकी सच्चाई दुनिया के सामने लाने के लिए सर्वे बेहद जरूरी है.
महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर ‘हर घर भगवा, कमल निशान’ अभियान में शामिल होने पहुंचे मंत्री अनिल राजभर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए यह बात कही. दरगाह में सूर्यकुंड होने और उसके सर्वे से जुड़े सवाल पर राजभर ने कहा, ‘आनंद जी ने जो बात कही है, उस पर सरकार को पूरी गंभीरता से विचार करना चाहिए. मैं भी निश्चित तौर पर इस संबंध में मुख्यमंत्री जी से बात करूंगा और प्रधानमंत्री जी को भी पत्र लिखूंगा.’ जब उनसे स्पष्ट पूछा गया कि क्या माना जाए कि एएसआई सर्वे होगा? तो उन्होंने जवाब दिया- ‘बिल्कुल होगा एएसआई सर्वे.’
विदेशी आक्रांताओं का नहीं होगा महिमामंडन
मंत्री राजभर ने पिछली समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकारों ने हमेशा महाराजा सुहेलदेव की उपेक्षा की. इसके बजाय ‘गाजी की मजार’ को सजाने-संवारने का काम किया. उन्होंने कहा खि जिन लोगों ने इस धरती, मां भारती और सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपनी जान दांव पर लगा दी, उनके लिए इन लोगों की यही सोच है. लेकिन अब देश में किसी भी विदेशी आक्रांता का महिमामंडन नहीं किया जाएगा.
एआईएमआईएम नेता शौकत अली पर प्रहार
एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली द्वारा महाराजा सुहेलदेव को लेकर दिए गए बयानों पर मंत्री राजभर बुरी तरह भड़क गए. उन्होंने कहा, ‘इस तरह की बात करने वालों की अगर आप 4-5 या 10 पीढ़ी पहले का इतिहास देखेंगे, तो पता चलेगा कि ये क्या थे. आज AIMIM के नेता एक राष्ट्र रक्षक महापुरुष को जातीय सीमा में बांधने की ओछी कोशिश कर रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘महापुरुष पूरे देश के होते हैं और पूरे देश को उनका आदर करना चाहिए. इनकी खुद की हिस्ट्री क्या है? ये बेशर्म टाइप के लोग हैं, जिनके खुद के जाति और धर्म का कहीं कुछ अता-पता नहीं है, ये बस फर्जी चोला ओढ़े हुए हैं. ऐसे बयानों का जितना खंडन और भर्त्सना की जाए, उतना कम है.’
महाराजा सुहेलदेव स्मारक का 70 प्रतिशत काम पूरा
चित्तौरा में बन रहे महाराजा सुहेलदेव स्मारक को लेकर मंत्री ने बताया कि यहां अभी लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. सरकार ने हाल ही में स्मारक के पास स्थित झील के सुंदरीकरण के लिए 4 करोड़ रुपये का बजट भेजा है. उन्होंने कहा कि 30 प्रतिशत बचा हुआ काम भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा.
यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बहराइच की दरगाह को लेकर क्या बड़ा दावा किया है?
मंत्री अनिल राजभर ने दावा किया है कि बहराइच की दरगाह में ‘सूर्य कुंड’ स्थित है.
दरगाह को लेकर मंत्री ने क्या कदम उठाने की बात कही है?
मंत्री अनिल राजभर ने कहा है कि वह दरगाह में सर्वे कराने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखेंगे.
चित्तौरा स्थित महाराजा सुहेलदेव स्मारक के निर्माण कार्य की क्या स्थिति है?
मंत्री के अनुसार स्मारक का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और सरकार ने झील के सुंदरीकरण के लिए 4 करोड़ रुपये भेजे हैं. बचा हुआ 30 प्रतिशत काम भी जल्द पूरा किया जाएगा.