बिना एक रुपया खर्च किए बनें ब्यूटी एक्सपर्ट, मेरठ में महिलाओं को मिल रही फ्री ट्रेनिंग

0
बिना एक रुपया खर्च किए बनें ब्यूटी एक्सपर्ट, मेरठ में महिलाओं को मिल रही फ्री ट्रेनिंग


Last Updated:

Free Beauty Parlour Training in Meerut: मेरठ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रहने वाली उन महिलाओं के लिए अच्छी खबर है, जो अपने पैरों पर खड़ी होना चाहती हैं. अगर आप भी ब्यूटी पार्लर का काम सीखकर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं, लेकिन पैसों की कमीया भारी-भरकम फीस के कारण ऐसा नहीं कर पा रही हैं, तो केनरा बैंक आपके लिए एक शानदार मौका लेकर आया है. जहां महिलाओं को ब्यूटी पार्लर कोर्स बिल्कुल मुफ्त कराया जा रहा है. खास बात यह है कि सीखने के दौरान रहने-खाने की व्यवस्था भी फ्री होगी और कोर्स पूरा होने के बाद अपना खुद का पार्लर खोलने के लिए बिना ब्याज के सरकारी लोन भी दिलवाया जाएगा.

मेरठ: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जो भी महिलाएं या युवतियां खुद का काम शुरू कर आत्मनिर्भर बनना चाहती हैं, उनके लिए एक बेहतरीन अवसर आया है. केनरा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा महिलाओं को 30 दिनों की फ्री ब्यूटी पार्लर ट्रेनिंग दी जा रही है. इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. संस्थान के वरिष्ठ कोर्स कोऑर्डिनेटर रमेश चंद्र जोशी ने लोकल 18 से खास बातचीत में इस पूरी योजना की विस्तार से जानकारी दी है.

22 जून से शुरू होगा नया बैच, एक्सपर्ट्स सिखाएंगे हुनर
कोर्स कोऑर्डिनेटर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि इस फ्री ब्यूटी पार्लर ट्रेनिंग कोर्स की शुरुआत 22 जून 2026 से होने जा रही है. इसके लिए आवेदन लिए जा रहे हैं. जो भी महिलाएं इस कोर्स को करने की इच्छुक हैं, वे संस्थान में जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं. यह ट्रेनिंग प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से लेकर शाम 5:00 बजे तक चलेगी, जहां ब्यूटी इंडस्ट्री के एक्सपर्ट्स महिलाओं को पार्लर के काम की बारीकियां सिखाएंगे, ताकि वे पेशेवर तरीके से इस फील्ड में आगे बढ़ सकें.

आवेदन के लिए चाहिए ये जरूरी कागज
इस फ्री ट्रेनिंग प्रोग्राम में शामिल होने के लिए आवेदकों को कुछ जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. इसके लिए आपको अपने आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षिक प्रमाण पत्र और राशन कार्ड साथ लेकर संस्थान जाना होगा.

ट्रेनिंग के साथ खाना-पीना और मटेरियल भी बिल्कुल फ्री
इस कोर्स की सबसे अच्छी बात यह है कि महिलाओं को सीखने के लिए अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा. ट्रेनिंग के दौरान इस्तेमाल होने वाला ब्यूटी प्रोडक्ट का सारा मटेरियल संस्थान द्वारा ही दिया जाएगा. इसके साथ ही महिलाओं के लिए सुबह-शाम की चाय, नाश्ता और दोपहर के खाने की पूरी व्यवस्था भी संस्थान की तरफ से बिल्कुल मुफ्त रहेगी.

अपना पार्लर खोलने के लिए मिलेगा बिना ब्याज लोन
रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि यह संस्थान महिलाओं को सिर्फ काम सिखाकर छोड़ नहीं देता, बल्कि उन्हें अपना पैर जमाने में भी पूरी मदद करता है. जो महिलाएं यहां से 30 दिनों की ट्रेनिंग पूरी कर लेंगी और अपना खुद का ब्यूटी पार्लर खोलना चाहेंगी, विभाग खुद उनकी पूरी फाइल तैयार करके संबंधित बैंक में भेजेगा. इसके तहत ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना’ के जरिए महिलाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए बिना ब्याज के सरकारी लोन की सुविधा दिलवाई जाएगी.
इसके अलावा, कोर्स पूरा होने पर मिलने वाला सरकारी सर्टिफिकेट भी बेहद फायदेमंद है. इस सर्टिफिकेट की मदद से महिलाएं न सिर्फ अपना पार्लर खोल सकती हैं, बल्कि आगे चलकर अपना खुद का ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट भी शुरू कर सकती हैं.

कहां करना होगा संपर्क?
इस योजना का लाभ उठाने या अधिक जानकारी पाने के लिए इच्छुक महिलाएं मेरठ के जेलचुंगी भावनीपुरम स्थित केनरा बैंक आरसेटी (RSETI) कार्यालय में सीधे जाकर संपर्क कर सकती हैं और समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती हैं.

About the Author

Seema Nath

सीमा नाथ 6 साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत शाह टाइम्स में रिपोर्टिंग के साथ की जिसके बाद कुछ समय उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम …और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *