‘भावनाएं प्रभावित होती हैं’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर छलका अयोध्या के लोगों का दर्द

0
‘भावनाएं प्रभावित होती हैं’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर छलका अयोध्या के लोगों का दर्द


Last Updated:

Ground Report Ayodhya : कई दिन बीतने के बाद भी अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी का विवाद ठंडा नहीं पड़ा है. राम मंदिर में जब से दान चोरी का मामला सामने आया है हर कोई हैरान है. अयोध्या में हाल के घटनाक्रमों के बाद जनजीवन पूरी तरह शांत है. श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तरह जारी है. बाजारों में भी सामान्य गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. हालांकि, शहर की गलियों, चौक-चौराहों, मठों और मंदिरों में चढ़ावा चोरी लगातार चर्चा का केंद्र बना हुआ है. लोकल 18 से लोगों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए.

अयोध्या. 500 साल के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में जब प्रभु राम का भव्य मंदिर पूरा हुआ तो देश दुनिया में बैठे राम भक्त उत्साहित नजर आए, लेकिन इसी राम मंदिर में जब दान चोरी का मामला सामने आया तो हर कोई हैरान है. राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद अयोध्या का माहौल कैसा है और इस बारे में स्थानीय लोग क्या कहते हैं, आइये जानते हैं. अयोध्या में हाल के घटनाक्रमों के बाद सामान्य जनजीवन पूरी तरह शांत है. रामनगरी में श्रद्धालुओं की आवाजाही पहले की तरह जारी है, मंदिरों में दर्शन-पूजन हो रहा है और बाजारों में भी सामान्य गतिविधियां देखने को मिल रही हैं. हालांकि, शहर की गलियों, चौक-चौराहों, मठों और मंदिरों में एक विषय लगातार चर्चा का केंद्र बना हुआ है. राम मंदिर से जुड़े कथित दान गबन का मामला और उससे जुड़े सवाल.

‘करोड़ों लोगों की आस्था का सवाल’

लोकल 18 की ग्राउंड रिपोर्ट के दौरान स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और संत समाज से बातचीत में अलग-अलग राय सामने आई. अधिकांश लोगों का कहना था कि भगवान श्रीराम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए मंदिर की व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए. उनका मानना है कि किसी भी तरह का विवाद या अनियमितता सामने आने से देश-विदेश में राम भक्तों की भावनाएं प्रभावित होती हैं.

पारदर्शिता की अपेक्षा स्वाभाविक

कई श्रद्धालुओं ने कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी के आरोप लगे हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके. उनका कहना था कि जांच ऐसी हो जिससे किसी भी तरह का भ्रम समाप्त हो और लोगों का विश्वास पहले से अधिक मजबूत हो. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए. स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्या की पहचान केवल एक शहर के रूप में नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक के रूप में है. ऐसे में मंदिर प्रबंधन से जुड़े हर निर्णय और व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता की अपेक्षा स्वाभाविक है. भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाना चाहिए.

मन में घुमड़ रहे ये सवाल

हालांकि, यह भी देखने को मिला कि श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है. बड़ी संख्या में भक्त नियमित रूप से रामलला के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं और उनका कहना है कि उनकी श्रद्धा भगवान श्रीराम के प्रति अटूट है. उनका विश्वास है कि सत्य सामने आएगा और जो भी तथ्य होंगे, वे जांच के बाद स्पष्ट हो जाएंगे. फिलहाल अयोध्या का माहौल पूरी तरह शांत और सामान्य है, लेकिन दान प्रकरण को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं.

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *