महोबा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, अवैध शराब का काला कारोबार ध्वस्त

0
महोबा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, अवैध शराब का काला कारोबार ध्वस्त


Last Updated:

Mahoba News: महोबा में पुलिस ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देश पर कुलपहाड़ सीओ के नेतृत्व में टीम ने बेलाताल और श्रीनगर रोड के कबूतरा डेरों पर छापेमारी की. माफियाओं ने शराब छिपाने के लिए सीमेंट की पक्की टंकियां बनाई थीं, जिन्हें पुलिस ने जेसीबी से ध्वस्त कर दिया. इस दौरान 4000 लीटर लहन नष्ट किया गया और 100 लीटर कच्ची शराब बरामद कर माफियाओं में हड़कंप मचा दिया.

Zoom

महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में अवैध शराब के सौदागरों पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई इस अचानक छापेमारी से शराब माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने न केवल भारी मात्रा में लहन नष्ट किया, बल्कि शराब बनाने के लिए बनाई गई पक्की टंकियों को जेसीबी से जमींदोज कर दिया.

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जिले में नशे के कारोबार को जड़ से मिटाने के लिए पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने सख्त रुख अख्तियार किया है. रविवार को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि बेलाताल और श्रीनगर रोड के पास बड़े पैमाने पर कच्ची शराब तैयार की जा रही है. सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) कुलपहाड़ रविकांत गौड़ के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला.

तालाब किनारे बना रखा था ‘मिनी फैक्ट्री’
जब टीम ने बेलाताल रेलवे स्टेशन के पास औना का डेरा और गोरा तालाब स्थित कबूतरा डेरों पर धावा बोला, तो वहां का नजारा चौंकाने वाला था. माफियाओं ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बालू, ईंट और सीमेंट से शराब स्टोर करने के लिए बड़ी-बड़ी टंकियां बना रखी थीं. दर्जनों प्लास्टिक ड्रमों में लहन भरकर रखा गया था, जिससे सैकड़ों लीटर शराब तैयार होनी थी.

जेसीबी से तोड़ी गई टंकियां, 4000 लीटर लहन नष्ट
पुलिस ने इस दौरान सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जेसीबी मशीन बुलवाई. माफियाओं द्वारा बनाई गई पक्की टंकियों और ड्रमों को पुलिस ने मौके पर ही ध्वस्त कर दिया. इस पूरी कार्रवाई में लगभग 4000 लीटर लहन नष्ट किया गया. इसके साथ ही टीम ने 100 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद की और शराब बनाने वाली भट्टियों को भी पूरी तरह तोड़ दिया.

दोषियों पर मुकदमा दर्ज, दी गई चेतावनी
सीओ कुलपहाड़ रविकांत गौड़ ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *