माफिया बना मानसून… 11 सितंबर को दिखाएगा अपनी दबंगई, खूब बरसेंगे बादल
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केन्द्र से मिली जानकारी के मुताबिक,10 सितंबर (बुधवार) को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनो ही संभाग के सभी जिले ग्रीन जोन में हैं. लेकिन सोनभद्र से लेकर गोरखपुर और कुशीनगर से सहारनपुर तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. इस दौरान कई जिलों में धूप छांव का दौर भी होगा और हल्की बारिश की भी संभावना यहां बनी हुई है.
इन जिलों में बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, बस्ती, गोंडा, गोरखपुर, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, बिजनौर और सहारनपुर में छिटपुट बादलों के बीच हल्की बारिश हो सकती है.
लखनऊ से नोएडा तक ऐसा होगा मौसम
वहीं लखनऊ में आज आसमान साफ होगा और सुबह से ही सूरज की तपिश लोगों को उमस भरी गर्मी का अहसास कराएगी. वहीं नोएडा में भी मौसम की ये तल्खी दिखाई देगी. गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा होगा. उधर कानपुर और आगरा में भी लोग चिपचिपाती गर्मी से बेहाल दिखेंगे. हालांकि अगले 24 से 48 घण्टों में यहां बारिश की संभावना बन रही है.
तापमान में भी आएगी कमी
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मानसून की द्रोणिका अब यूपी के तरफ खिसकने वाली है. जिसके कारण प्रदेश के दोनों ही संभाग में बारिश की प्रबल संभावना है.ऐसे में यहां अधिकतम तापमान में भी थोड़ी कमी देखने को मिलेगी.