मासूम की हत्या से सनसनी, CCTV से खुला राज; किराएदार ने ही खंडहर में फेंका शव
Last Updated:
गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. गुरुवार से लापता एक मासूम का शव आज एक खंडहर से बरामद हुआ इस हत्याकांड के पीछे बच्चे के घर में रहने वाले किराएदार ही था. पुलिस ने सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मदद से आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है. उसी की निशानदेही पर शव बरामद किया गया. एसएसपी ने खुद घटनास्थल का मुआयना किया.
गोरखपुर में सनसनीखेज हत्या.
Crime News: गोरखपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है. सहजनवां थाना क्षेत्र में एक दिन पहले लापता हुए मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. बच्चे का शव एक खंडहर से बरामद हुआ है. इस हत्याकांड का खुलासा होते ही पूरे इलाके में मातम और आक्रोश फैल गया है. पुलिस जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया है कि बच्चे की हत्या उसी के घर में रहने वाले किराएदार ने की है.
जानकारी के अनुसार, घटना सहजनवां थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9 की है. बच्चा कल अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर सहजनवां पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी. जांच के दौरान पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले, तो एक फुटेज ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस को बच्चे के घर में रहने वाले किराएदार की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और जांच की सुई उसकी तरफ घूम गई.
किराएदार की निशानदेही पर खंडहर से मिला शव
सीसीटीवी से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने जब आरोपी किराएदार को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गया. पुलिस की पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. इसके बाद आरोपी की ही निशानदेही पर पुलिस ने पास के एक खंडहर से मासूम का शव बरामद किया. शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
फैक्ट्री में काम करता था हत्यारोपी कल्पेश
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए हत्यारोपी की पहचान ‘कल्पेश’ के रूप में हुई है. आरोपी कल्पेश मूल रूप से संतकबीर नगर जिले के बखिरा इलाके का रहने वाला है. वह सहजनवां में पीड़ित परिवार के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहता था और पास ही की एक फैक्ट्री में काम करता था.
SSP ने किया घटनास्थल का मुआयना
मासूम की हत्या की इस संगीन वारदात की सूचना मिलते ही गोरखपुर के एसएसपी (SSP) भारी पुलिस बल के साथ खुद घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का बारीकी से मुआयना किया. फिलहाल, पुलिस आरोपी कल्पेश को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर उसने इतनी बेरहमी से इस मासूम बच्चे की हत्या क्यों की. इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

Deep Raj Deepak working with News18 Hindi (hindi.news18.com/) Central Desk since 2022. He has strong command over national and international political news, current affairs and science and research-based news. …और पढ़ें