मुरादाबाद: कंजरी सराय में सजने लगा कांवड़ बाजार, ₹180 से शुरू हैं खास कांवड़ें
Last Updated:
Moradabad News: पावन सावन महीने की शुरुआत के साथ ही पीतल नगरी मुरादाबाद का कंजरी सराय इलाका भक्तिमय रंगों और रंग-बिरंगी कांवड़ों से सराबोर हो उठा है. वर्षों पुराने इस पुश्तैनी कांवड़ बाजार में इस बार छोटी-बड़ी, खड़ी-बैठी और आकर्षक डिजाइनों वाली कांवड़ों की भारी मांग देखी जा रही है. दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों के लिए 180 रुपये से लेकर भव्य 10 फीट तक की कांवड़ें यहां तैयार की जा रही हैं.
Moradabad News: मुरादाबाद के कंजरी सराय क्षेत्र में वर्षों से कांवड़ तैयार करने का काम किया जा रहा है. यहां पर छोटे साइज से लेकर बड़े साइज तक, लगभग सभी प्रकार की कांवड़ें तैयार की जाती हैं. इसके अलावा, अलग-अलग डिजाइन और विभिन्न प्रकार की सजावट के साथ यहां कांवड़ें बनाई जाती हैं. सावन का समय आते ही यह पूरा क्षेत्र कांवड़ों से सज जाता है, जिसकी शुरुआत हो चुकी है और धीरे-धीरे पूरा बाजार सराबोर होने लगा है. ऐसे में इस बार बाजार में ‘खड़ी कांवड़’ से लेकर ‘बैठी कांवड़’ तक की जबरदस्त डिमांड आ रही है.
पुश्तैनी काम और कई वैरायटी की कांवड़ें
कांवड़ बनाने वाले स्थानीय कारीगर मनीष कुमार ने बताया, हम कांवड़ बनाने का काम करते हैं और यह काम हम वर्षों से करते चले आ रहे हैं. यह हमारा पुश्तैनी काम है. हमारे पास खड़ी कांवड़, बैठी कांवड़, बैकुंठ कांवड़ और अलग-अलग डिजाइन तथा वैरायटी की कांवड़ें तैयार की जाती हैं. हम कच्चा माल लाकर यहां खुद कांवड़ तैयार करते हैं. कंजरी सराय क्षेत्र में कांवड़ का बड़े पैमाने पर निर्माण किया जाता है और यहीं से अलग-अलग बाजारों में इसकी सप्लाई भी की जाती है. सावन के महीने में कांवड़ का कारोबार काफी अच्छा चलता है, जिससे कारीगरों की अच्छी कमाई हो जाती है. इन दिनों बाजार में ‘मंदिर वाली कांवड़’ और अन्य कई तरह के डिजाइनों की अच्छी डिमांड आ रही है, जिन्हें लोग खूब पसंद कर रहे हैं.
180 रुपये से शुरुआत, ऑर्डर पर 10 फीट तक की कांवड़
मनीष कुमार ने आगे बताया कि वे श्रद्धालुओं की पसंद के हिसाब से भी कांवड़ बनाकर तैयार कर देते हैं. उनके पास 10 फीट तक की विशाल कांवड़ें तैयार की जाती हैं, जिन्हें उठाने के लिए कम से कम 4 लोगों की जरूरत पड़ती है. इसके अलावा सबसे छोटी से लेकर बड़ी से बड़ी कांवड़ वे आसानी से तैयार कर देते हैं. यहाँ मुरादाबाद के स्थानीय लोगों के अलावा दूर-दूर से भी लोग कांवड़ खरीदने के लिए आते हैं.
बाजार में कांवड़ की शुरुआती कीमत ₹180 है, जिसके बाद का दाम आपके बजट और कांवड़ के साइज/डिजाइन पर निर्भर करता है. आप अपनी पसंद के अनुसार ऑर्डर देकर भी विशेष कांवड़ बनवा सकते हैं, जिसका रेट अलग होता है. कुल मिलाकर, यदि आप भी इस सावन के पवित्र महीने में कांवड़ खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो मुरादाबाद का कंजरी सराय क्षेत्र आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…
और पढ़ें