‘मेरे ऊपर जिन्न है’ कहकर चिल्लाया आरोपी, पुलिस ने कुछ ऐसे उतारा भूत
Last Updated:
उन्नाव के एक थाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक ने खुद पर जिन्न आने का दावा करते हुए हंगामा खड़ा कर दिया. जमीन विवाद के बीच थाने में शुरू हुए इस ‘भूत-प्रेत’ ड्रामे का अंत तब हुआ, जब पुलिस ने सख्ती दिखाई और युवक तुरंत सामान्य हो गया. इस अनोखे मामले को लेकर अब इंटरनेट पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
Jinn Possession Case in Unnao Police Station
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जहां पुलिस स्टेशन में एक व्यक्ति ने खुद पर जिन्न और भूत-प्रेत आने का दावा कर ड्रामा शुरू कर दिया. यह पूरी घटना अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
क्या है पूरा मामला
दरअसल, यह मामला उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र का है. यहां दो पक्षों के बीच जमीन के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था. जानकारी के मुताबिक, राजेश कुमार ने पंकज कुमार को जमीन के लिए 10 हजार रुपये एडवांस दिए थे, लेकिन बाद में जमीन विवादित निकल आई. ऐसे में राजेश अपने पैसे वापस मांग रहा था और इसी विवाद को सुलझाने के लिए दोनों को थाने बुलाया गया.
अचानक करने लगा अजीब हरकतें
इसी दौरान अचानक पंकज अजीब व्यवहार करने लगा. वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और दावा करने लगा कि उसके ऊपर जिन्न और औघड़ का साया है. उसकी इन हरकतों से वहां मौजूद लोग घबरा गए और कुछ लोग तो डरकर वहां से हट गए.
बेल्ट देखते ही भागा जिन्न
शोर-शराबा सुनकर कोतवाल राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को समझने की कोशिश की. जब आरोपी अपनी बातों पर अड़ा रहा, तो कोतवाल ने सख्ती दिखाते हुए बेल्ट मंगाई. लेकिन जैसे ही बेल्ट सामने आई, तो पंकज का सारा ‘जिन्न वाला’ ड्रामा तुरंत गायब हो गया और वह सामान्य व्यवहार करने लगा. इसके बाद पुलिस ने उसे फटकार लगाई और मामला शांत कराया.
पुलिस के मुताबिक, यह वीडियो करीब दो महीने पुराना है, जिसे थाने में मौजूद एक महिला पुलिसकर्मी ने रिकॉर्ड किया था. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जहां लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और पुलिस के इस अंदाज को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
वीडियो पर लोगों का कमेंट
वैसे सोशल मीडिया पर कुछ लोग पुलिस की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे गलत बता रहे हैं. एक ने लिखा-लातों के भूत बातों से नहीं मानते. वहीं एक ने लिखा-अंधा कानून है अगर ये मानसिक बीमार है तो मानसिक अस्पताल मे भर्ती कराओ पुलिस की पिटाई से इलाज करना मतलब गरीब जनता पर अत्याचार करना. एक भ्रष्ट पुलिस वाले बचाने के लिए जनता को उल्लू ना बनाओ.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें