मैदा की लोई, फिर पतली परतें और आखिर में…, ईद पर बाजारों में बन रही खास फैनी
Last Updated:
Eid-al-Adha 2026: देश भर में बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) को लेकर उत्साह का माहौल है, वहीं गाजियाबाद के बाजारों में भी त्योहार की रौनक अपने शबाब पर पहुंच चुकी है. शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में त्योहार की तैयारियां तेज हो गई हैं, जहां हर तरफ फैनी और सेवाइयों की सोंधी खुशबू महक रही है. त्योहार पर बनने वाले खास ‘शीरकूर्मा’ के लिए बाजारों में फैनी की मांग रिकॉर्ड तोड़ रही है, जिसे पूरा करने के लिए छोटे कारखानों से लेकर दुकानों तक में दिन-रात काम चल रहा है.
Eid-al-Adha 2026: गाजियाबाद में बकरा ईद को लेकर तैयारियां अब तेज हो गई हैं. शहर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में बाजार सजने लगे हैं और सबसे ज्यादा रौनक सेवइयों और फैनी की दुकानों पर देखने को मिल रही है. ईद के खास मौके पर बनने वाली फैनी की मांग लगातार बढ़ रही है. यही वजह है कि दुकानों और छोटे कारखानों में दिन-रात फैनी तैयार की जा रही है. बाजार में इस समय फैनी करीब 200 रुपये किलो बिक रही है और लोग पहले से ही इसकी खरीदारी शुरू कर चुके हैं.
केला भट्टा इलाके में ग्राहकों की भारी भीड़
गाजियाबाद के केला भट्टा इलाके में इन दिनों फैनी बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है. दुकानों के बाहर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिल रही है. ईद चाहे मीठी हो या बकरा ईद, फैनी हर घर की पसंदीदा मिठाइयों में शामिल रहती है. खास तौर पर शीर खुरमा बनाने में इसका इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है. दूध, मेवे और फैनी से तैयार होने वाला शीर खुरमा ईद की मिठास को और बढ़ा देता है.
जानिए कैसे तैयार होती है यह खास फैनी
फैनी बनाने की प्रक्रिया भी काफी खास होती है. इसे मैदा और घी की मदद से तैयार किया जाता है. सबसे पहले मैदे की लोई बनाई जाती है. इसके बाद उसे बहुत पतला बेलकर धागों जैसी महीन परतों में तैयार किया जाता है. फिर इन परतों को खास तरीके से तैयार कर रिफाइंड में तला जाता है. इसके बाद देसी घी में मिलाकर उसे सुखाया जाता है ताकि उसका स्वाद और खुशबू बनी रहे. आखिर में फैनी को पैक कर बाजार में भेजा जाता है.
दुकानदारों को आने वाले दिनों में बेहतर बिक्री की उम्मीद
फैनी बनाने वाले मोहम्मद उवैस बताते हैं कि ईद के समय इसकी डिमांड सबसे ज्यादा रहती है. उन्होंने कहा कि मीठी ईद पर फैनी की बिक्री काफी बढ़ जाती है लेकिन बकरा ईद पर भी लोग इसे खूब पसंद करते हैं. कई परिवार ईद से पहले ही फैनी खरीदकर रख लेते हैं ताकि त्योहार के दिन आसानी से शीर खुरमा बनाया जा सके. त्योहार को लेकर बाजारों में भी अलग उत्साह देखने को मिल रहा है. कहीं सेवइयों की दुकानें सजी हैं तो कहीं सूखे मेवे और मसालों की खरीदारी हो रही है.
फैनी की खुशबू और उसकी तैयारी लोगों को ईद के करीब होने का एहसास करा रही है. दुकानदारों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बिक्री और ज्यादा बढ़ेगी. गाजियाबाद में बकरा ईद की तैयारियों के बीच फैनी एक बार फिर लोगों की पहली पसंद बनी हुई है. स्वाद, परंपरा और त्योहार की मिठास से जुड़ी यह खास चीज हर घर की रसोई तक पहुंचने लगी है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें