यूपी पुलिस का कॉमनवेल्थ में जलवा, गाजियाबाद की दरोगा ने गोल्ड जीत रचा इतिहास
Last Updated:
UP Police AI Asmita Day: उत्तर प्रदेश पुलिस की सब-इंस्पेक्टर अस्मिता डे ने खेल जगत में इतिहास रच दिया है. स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में अस्मिता ने महिला जूडो (48 किलोग्राम भार कैटेगरी) में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया. वह कॉमनवेल्थ खेलों में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गई हैं. इस मौके पर यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए इसे अनुशासन और कठिन परिश्रम की मिसाल बताया है.
यूपी पुलिस की दरोगा अस्मिता डे ने रचा इतिहास.
गाजियाबाद/ग्लासगो: उत्तर प्रदेश पुलिस की एक महिला अधिकारी ने ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स में गजब का कमाल किया है. गाजियाबाद कमिश्नरेट में तैनात सब-इंस्पेक्टर (एसआई) अस्मिता डे ने स्वर्ण पदक जीता है. इस शानदार उपलब्धि के बाद पूरे देश और यूपी पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है.
जूडो में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय अस्मिता डे. उन्होंने महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग की जूडो में अपने विरोधियों को धूल चटाते हुए यह स्वर्णिम सफलता हासिल की है. सबसे खास बात यह है कि अस्मिता कॉमनवेल्थ खेलों के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय जूडो खिलाड़ी बन गई हैं. उनकी इस जीत ने भारतीय खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ दिया है. पुलिस ड्यूटी की सख्त जिम्मेदारियों के बीच अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह मुकाम हासिल करना उनके समर्पण को दर्शाता है. गाजियाबाद पुलिस परिवार की ओर से उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं.
DGP राजीव कृष्ण ने स्पेशल संदेश
इस ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री राजीव कृष्ण ने एक भावुक और गौरवपूर्ण संदेश जारी किया. डीजीपी ने कहा, ’31 जुलाई 2026 को ग्लासगो में आयोजित जूडो स्पर्धा में उपनिरीक्षक अस्मिता डे द्वारा स्वर्ण पदक अर्जित करना यूपी पुलिस, उत्तर प्रदेश और समस्त देश के लिए अत्यंत गौरव का विषय है. उनकी यह उपलब्धि अनुशासन, दृढ़ संकल्प, कठिन परिश्रम एवं उत्कृष्टता जैसे उन मूल्यों का सशक्त प्रतीक है, जो एक उत्कृष्ट खिलाड़ी और एक समर्पित पुलिस अधिकारी की पहचान हैं.’
अस्मिता डे
CM योगी के विजन की शानदार सफलता
डीजीपी राजीव कृष्ण ने इस कामयाबी का श्रेय राज्य सरकार की खेल नीतियों को भी दिया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के उस दूरदर्शी विजन को साकार करती है, जिसके अंतर्गत खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहन दिया गया है. उत्कृष्ट खिलाड़ियों को ‘खेल कोटे’ के माध्यम से यूपी पुलिस में सेवा का अवसर मिलने से वे आज सार्वजनिक सेवा और अंतरराष्ट्रीय खेल – दोनों क्षेत्रों में देश का डंका बजा रहे हैं.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें