यूपी में मनेगा विकास का महापर्व, लखनऊ से वाराणसी तक सीएम योगी रहेंगे मौजूद
Last Updated:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश में भव्य आयोजन होने जा रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ लखनऊ के लोकभवन में राजग (NDA) के सहयोगी दलों के साथ मीडिया संवाद करेंगे और विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही सीएम योगी नोएडा के लिए 45 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और शाम को वाराणसी में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करेंगे.
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में एक भव्य उत्सव का आगाज होने जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार इस अवसर को ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण के गौरवपूर्ण 12 वर्ष’ के रूप में पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाएगी. इस महा-आयोजन के तहत मुख्यमंत्री सुबह राजधानी लखनऊ और शाम को बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जहां वे मोदी सरकार के सुशासन, जनकल्याण और विकास यात्रा की बड़ी उपलब्धियों को जनता के सामने रखेंगे.
मोदी सरकार के सुशासन के 12 वर्ष की उपलब्धियों को बताएगी योगी सरकार
सुशासन को समर्पित पीएम मोदी के द्वारा 140 करोड़ भारतीयों की निरंतर सेवा के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकभवन में मीडिया संवाद करेंगे. मोदी सरकार के नेतृत्व में जनकल्याण, अवस्थापना एवं आस्था को मिले सम्मान के विषय में संपूर्ण जानकारी भी देंगे. मोदी सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा को लेकर यहां प्रदर्शनी भी लगेगी. इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे.
सरकार के साथ ही भाजपा संगठन व सहयोगी दल के नेता भी रहेंगे मौजूद
भव्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ संगठन की तरफ से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष/केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी रहेंगे. साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री व सहयोगी दल अपना दल (एस) के आशीष पटेल, निषाद पार्टी के डॉ. संजय निषाद, सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर व राष्ट्रीय लोकदल के अनिल कुमार भी रहेंगे.
इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे सीएम योगी
लोकभवन में मुख्य कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे. सीएम योगी नोएडा में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की 110 में से 45 इलेक्ट्रिक बसों (प्रथम चरण) का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फ्लैग ऑफ करेंगे. साथ ही नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो का भी शुभारंभ करेंगे. यहां कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी मौजूद रहेंगे.
शाम को वाराणसी में होने वाले कार्यक्रम में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम को बाबा विश्वनाथ की नगरी व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी पहुंचेंगे. वे यहां गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल चौकाघाट में होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. मुख्यमंत्री यहां शहरी आजीविका मिशन, उद्योग विभाग समेत विभिन्न विभागों की योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित करेंगे. यहां एक जनपद-एक व्यंजन समेत अनेक विभागों के स्टॉल भी लगेंगे.
About the Author

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें