यूपी में मौसम का ‘डबल अटैक’, कहीं आसमान से आग तो कहीं झमाझम बारिश, जानें 7 जिलों का हाल
Last Updated:
UP Today Weather Live: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. रविवार को राज्य के कई हिस्सों में तेज धूप और भीषण उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, तो कुछ जिलों में बारिश की संभावना से राहत की उम्मीद जगी है. वाराणसी, मऊ और नोएडा में जहां चिलचिलाती धूप पड़ रही है, वहीं महराजगंज और गाजीपुर में उमस के कारण तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस जैसा (Feels like) महसूस हो रहा है. दूसरी ओर, गोरखपुर और सहारनपुर में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आइए जानते हैं यूपी के 7 प्रमुख जिलों के मौसम का ताजा हाल.
गाजीपुर में फिलहाल मौसम एकदम साफ है, लेकिन भीषण उमस ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है. वर्तमान तापमान 32°C है, लेकिन भारी उमस के कारण यह 41°C जैसा महसूस हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर और शाम के समय यहां हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की पूरी संभावना बनी हुई है.
सहारनपुर में मौसम की आंखमिचौली का खेल जारी है. धूप निकलने के साथ-साथ बादल भी छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में यहां बारिश होने की संभावना जताई है. पिछले कई दिनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी का दौर चल रहा है.
सहारनपुर में मौसम की आंखमिचौली का खेल जारी है. धूप निकलने के साथ-साथ बादल भी छाए हुए हैं. मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में यहां बारिश होने की संभावना जताई है. पिछले कई दिनों से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी का दौर चल रहा है.
नोएडा में रविवार की सुबह आसमान से बादल छंट गए और दिन की शुरुआत तेज धूप के साथ हुई. सुबह सात बजे शहर का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार, दोपहर तक बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन धीमी रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण तपती गर्मी और उमस से थोड़ी राहत जरूर महसूस हो रही है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
वाराणसी में उमस भरी गर्मी एक बार फिर सताने लगी है. रविवार सुबह से चटक धूप के कारण दोपहर 11 बजे तक ही अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया. बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अगले 2 से 3 दिनों तक धूप की यह तल्खी बरकरार रहेगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आ सकता है.
गोरखपुर में आज मौसम उमस भरा है, हालांकि बीच-बीच में बादल छाए हुए हैं. दोपहर या शाम के समय शहर में हल्की से मध्यम बारिश की बौछारें पड़ने की संभावना है. अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. वहीं कल (27 जुलाई) से मानसून के और अधिक सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे तेज बारिश हो सकती है.
महराजगंज जिले में रविवार सुबह से ही तेज धूप और भीषण उमस का प्रकोप है. सुबह करीब 8:30 बजे तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन उमस इतनी ज्यादा है कि यह 44 डिग्री सेल्सियस जैसी भीषण गर्मी का अहसास करा रहा है. दिन में तापमान 36 डिग्री तक पहुंचेगा. राहत की बात यह है कि दोपहर बाद हल्की बारिश की संभावना है.
मऊ जनपद में सुबह से ही खिली तेज धूप ने पसीने छुड़ा दिए हैं. सुबह ही तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और दिन में इसके 37 डिग्री सेल्सियस के पार जाने का अनुमान है. पिछले तीन-चार दिनों से मौसम ठंडा रहने के बाद अचानक लौटी इस उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. आज यहां बारिश दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही है.