लखनऊ में भी ट्विशा जैसा केस! 6 माह पहले हुई थी शादी, नहीं रही श्वेता
Last Updated:
Shweta Singh Death Mystery: भोपाल का ट्विशा शर्मा केस तो आपने सुना ही होगा. किस तरह एक बेटी ने अपनी जान दे दी. हालांकि, अब ये केस सुसाइड और मर्डर के बीच फंस गया है और सीबीआई जांच में जुट गई है. वहीं अब लखनऊ से भी ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां भी एक बेटी दहेज की बलि चढ़ गई है.
श्वेता सिंह की खुदकुशी पर कोहराम.
लखनऊ: यूपी के लखनऊ से बिल्कुल भोपाल की ट्विशा शर्मा जैसा केस सामने आया है. एक लड़की, नई शादी और फंदे से लटकी… परिवार का आरोप- दहेज के लिए प्रताड़ित… हूबहू मामला. हद है कब तक बेटियां ऐसे ही मरती रहेंगी? एक बेटी को अभी तक इंसाफ मिल नहीं पाया है, तब तक नया केस सामने आ गया. दरअसल, ठाकुरगंज इलाके के काशी विहार कॉलोनी में रहने वाली 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार सुबह उनके ससुराल में फंदे से लटका हुआ पाया गया. श्वेता के माता-पिता और भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए बेरहमी से प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है.
श्वेता सिंह की शादी पिछले साल 22 नवंबर 2025 को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के काशी विहार निवासी शिवम सिंह के साथ हुई थी. शिवम एक निजी लैब में काम करता है. श्वेता का मायका भी ठाकुरगंज के ही विश्वनगर मल्हाई टोला में स्थित है. शादी के थोड़े ही दिन बाद लड़ाई होने लगी. एक दिन अचानक से ससुराल से श्वेता के माता-पिता को फोन आता है कि उनकी बेटी नहीं रही.
मृतका के पिता उमेश कुमार सिंह ने रोते हुए बताया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी खुश नहीं थी. ससुराल वाले लगातार कीमती सामान और दहेज की मांग को लेकर श्वेता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. भाई आशुतोष सिंह ने बताया कि उनकी मां सविता सिंह की तबीयत खराब होने के कारण वे एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं. श्वेता शनिवार रात को अस्पताल में अपनी मां से मिलने आई थी और उनका हाल-चाल जानने के बाद वापस अपने ससुराल लौट गई थी. रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक ससुराल पक्ष से मायके वालों को फोन आया कि श्वेता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
परिजनों का आरोप है कि इस पूरी घटना में बड़ी साजिश रची गई है. जब तक मायके के लोग श्वेता के ससुराल पहुंचे, तब तक ससुराल वालों ने सबूत मिटाने की नीयत से शव को फंदे से नीचे उतार दिया था और उसे आनन-फानन में केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर ले गए थे. श्वेता की बहन ज्योति सिंह ने बताया कि रविवार सुबह ही उसकी श्वेता से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी, जिसमें उसने किसी भी तनाव का जिक्र नहीं किया था. पिता उमेश कुमार सिंह की तहरीर पर ठाकुरगंज थाना पुलिस ने दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें