सिर्फ 10% खर्च में सिंचाई सिस्टम! किसानों को मिलेगा 90% अनुदान, पैदावार बढ़ेगी
Last Updated:
सरकार की पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के तहत किसानों को स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने पर 90% तक अनुदान मिल रहा है. इससे सिंचाई में पानी की बचत और फसलों की पैदावार में 25% तक बढ़ोतरी हो सकती है.
छोटे किसानों को मिलेगा 90% तक अनुदान
फिरोजाबाद जिले की उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने जानकारी दी कि राज्य सरकार द्वारा छोटे और सीमांत किसानों की आय को बढ़ाने के उद्देश्य से “पर ड्रॉप मोर क्रॉप” योजना चलाई जा रही है. इस योजना के तहत स्प्रिंकलर सिस्टम लगवाने पर किसानों को अनुदान दिया जा रहा है.
लघु और सीमांत किसानों (जिनके पास दो हेक्टेयर से कम भूमि है) को 90% तक अनुदान दिया जा रहा है. इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, और इच्छुक किसान विभाग की वेबसाइट से आवेदन कर सकते हैं.
पानी की बचत और पैदावार दोनों में मिलेगा लाभ
स्प्रिंकलर सिस्टम लगाने से सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे सिंचाई के लिए पानी की बचत होती है. अधिकारी अनीता सिंह ने बताया कि पारंपरिक सिंचाई पद्धतियों की तुलना में स्प्रिंकलर सिस्टम में पानी सीधे फसलों की जड़ों तक पहुंचता है, जिससे 20 से 25% तक फसल की पैदावार बढ़ जाती है. इसके अलावा, स्प्रिंकलर से खेतों में एकसमान रूप से पानी का वितरण होता है, जिससे धूल-मिट्टी का जमाव कम होता है और फसलों की फोटोसिंथेसिस प्रक्रिया बेहतर होती है, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ता है.
कैसे करें आवेदन?
किसान उद्यान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के समय भूमि संबंधी दस्तावेज, पहचान पत्र और बैंक विवरण जैसे जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी. योजना का लाभ पहले आओ पहले पाओ के आधार पर दिया जा रहा है, इसलिए इच्छुक किसान जल्द से जल्द आवेदन करें.