सीएम योगी का निर्देश बेअसर! बलिया में पुलिस बूथ के पास बदमाशों का तांडव, क्रिकेट खेलकर लौट रहे खिलाड़ियों से की मारपीट और लूटपाट
Last Updated:
Ballia News: बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टेशन चौराहे पर देर रात करीब 10 से 12 की संख्या में बदमाशों ने खुलेआम दबंगई दिखाई. बताया जा रहा है कि क्रिकेट टूर्नामेंट खेलकर लौट रहे खिलाड़ियों को बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया. इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट की गई और लूटपाट को अंजाम दिया गया. विरोध करने पर बदमाश और उग्र हो गए तथा खिलाड़ियों की बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
बलिया में बदमाशों ने खिलाड़ियों से की मारपीट
उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बावजूद जमीनी हकीकत कहीं न कहीं इन दावों को चुनौती देती नजर आ रही है. ताजा मामला बलिया जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है. जहां रात्रि गश्त के अभाव में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद दिखे कि पुलिस बूथ के पास ही उन्होंने जमकर उत्पात मचाया. इस घटना ने न सिर्फ स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है.
बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टेशन चौराहे पर देर रात करीब 10 से 12 की संख्या में बदमाशों ने खुलेआम दबंगई दिखाई. बताया जा रहा है कि क्रिकेट टूर्नामेंट खेलकर लौट रहे खिलाड़ियों को बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया. इसके बाद उनके साथ जमकर मारपीट की गई और लूटपाट को अंजाम दिया गया. विरोध करने पर बदमाश और उग्र हो गए तथा खिलाड़ियों की बाइकों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया.
इस घटना में कई खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए. जिन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिकंदरपुर में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय बदमाश बेखौफ होकर तांडव मचाते रहे. लेकिन पुलिस बूथ के पास होने के बावजूद वहां कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था. इससे साफ जाहिर होता है कि रात्रि गश्त को लेकर पुलिस कितनी गंभीर है.
घटना के बाद जब स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. तब जाकर पुलिस हरकत में आई. हालांकि क्षेत्रीय चौकी इंचार्ज का कहना है कि केवल मारपीट की घटना हुई है और मामले की जांच की जा रही है. लेकिन जिस तरह से घायल खिलाड़ियों की हालत और क्षतिग्रस्त वाहन सामने आए है. उससे यह महज मारपीट से कहीं ज्यादा गंभीर मामला प्रतीत होता है.
फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे है. अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता दिखाता है और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है.
About the Author

काशी के बगल चंदौली से ताल्लुक रखते है. बिजेनस, सेहत, स्पोर्टस, राजनीति, लाइफस्टाइल और ट्रैवल से जुड़ी खबरें पढ़ना पसंद है. मीडिया में करियर की शुरुआत ईटीवी भारत हैदराबाद से हुई. अभी लोकल18 यूपी के कॉर्डिनेटर की…और पढ़ें