हनीट्रैप, गैंगस्टर से कनेक्शन, दो-दो शादियां…रीलबाज दुल्हन ज्योति की पढ़िए क्राइम कुंडली
Last Updated:
Jyoti Chaudhary Crime Kundali: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पेटीएम के टीम लीडर के साथ हुई डकैती की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है. इस मामले में एक दुल्हन लेडी डॉन ज्योति को भी दूसरे पति के साथ हनीमून मनाते हुए गिरफ्तार किया गया है.
ज्योति चौधरी की क्राइम कुंडली.
मेरठ: एक महिला ने पहले पति को छोड़ दूसरी शादी कर ली. फिर हनीमून पर हरिद्वार पहुंच गई. बिना किसी चिंता के रील बनाने में मस्त थी. यहां तक कि डायलॉग भी मार रही तो शाका मारा जा सकता है, लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता. उसे लगा था कि वो कभी पुलिस की पकड़ में आएगी नहीं. मगर, जिस इंस्टाग्राम पर वह मजे ले रही थी, वहीं से पुलिस ने उसकी लोकेशन ढूंढ निकाली और दबोच लिया. अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसा क्या कर दिया इस रीलबाज दुल्हन ने… तो आपको बता दें, कि ये कोई मामूली दुल्हन नहीं है बल्कि अपराध की दुनिया की रानी है. नाम- ज्योति चौधरी और काम- लूटपाट और डकैती… आइए जानते हैं इसकी पूरी क्राइम कुंडली.
यह है मामला
मामला है मेरठ के सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग का. 12 जून की रात मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के सेल्स विभाग में टीम लीडर, अपनी बाइक से लौट रहे थे. तभी सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों और एक महिला ने उन्हें रोक लिया. फिर उनका मोबाइल फोन और बाइक लूटकर फरार हो गए. शुरुआती जांच में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया, लेकिन 5 लोगों के शामिल होने पर पुलिस ने डकैती की धाराएं भी जोड़ दीं.
दो-दो शादियां
जांच पड़ताल की गई तो तीन आरोपी दबोच लिए गए. फिर पूछताछ में दबथुवा निवासी रागिनी डांसर ज्योति चौधरी का नाम सामने आया. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई. पता चला कि ज्योति की पहले बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीटू से शादी हुई थी. फिर वह अपने शौक पूरे करने और अधिक पैसे कमाने के लिए किठौर थाना क्षेत्र के गांव छुछाई निवासी मोहित नागर व अन्य साथियों के संपर्क में आ गई. इनके साथ चोरी तथा लूट जैसी वारदात को अंजाम देने लगी. उसके बाद उसने 23 जून को मोहित से दूसरी शादी कर ली है. शादी के बाद दोनों हरिद्वार चले गए, जहां वे एक अतिथि गृह में ठहरे हुए थे.
कैसे पकड़े गए?
इधर, पुलिस ने आकाश शर्मा लूटकांड में पाली गांव निवासी अंकित शर्मा, उसके भाई गौरव शर्मा तथा सरधना निवासी शनि उर्फ शिवम को गिरफ्तार कर लिया. फिर पता चला कि पांचवां आरोपी राहुल, जो शनि का भाई है, पहले से ही एक अन्य मामले में सरूरपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस लगातार ज्योति की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी. वह इंस्टाग्राम पर लगातार वीडियो पोस्ट कर रही थी. सोशल मीडिया पर मिली लोकेशन के आधार पर पुलिस हरिद्वार पहुंची और गिरफ्तार कर लिया.
ऐसे हुई मुलाकात
पुलिस का कहना है कि गौरव और अंकित शर्मा की बहन सीमा साल 2024 में हनीट्रैप के एक मामले में जेल गई थी. तभी सीमा की दोस्ती ज्योति चौधरी से हुई, जिसके बाद उसका संपर्क गौरव, अंकित और अन्य आरोपियों से बढ़ा. जांच में यह भी सामने आया है कि ज्योति का नाम पहले हनीट्रैप से जुड़े एक मामले में दो सिपाहियों के साथ भी सामने आ चुका है. इसके अलावा उसका नाम गैंगस्टर अमित मिरिंडा से जुड़े मामलों में भी चर्चा में रहा है. पुलिस फिलहाल उसका पूरा आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है.
About the Author

Kavya Mishra is working with News18 Hindi as a Senior Sub Editor in the regional section (Uttar Pradesh, Uttarakhand, Haryana and Himachal Pradesh). Active in Journalism for more than 7 years. She started her j…और पढ़ें