हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे युवा! मुरादाबाद में हर दिन 100 से ज्यादा मरीज

0
हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे युवा! मुरादाबाद में हर दिन 100 से ज्यादा मरीज


मुरादाबाद: अगर आप भी 40 की उम्र से पहले ही हाई ब्लड प्रेशर की दवाएं खा रहे हैं, तो यह खबर आपको सचेत कर सकती है. मुरादाबाद जिले में लगातार हाईपरटेंशन यानी उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है. जिला अस्पताल में हर दिन ओपीडी में 100 से ज्यादा मरीज सिर्फ इसी समस्या को लेकर पहुंच रहे हैं.  हैरान करने वाली बात ये है कि इनमें से आधे से ज्यादा मरीज 40 साल से कम उम्र के हैं.

तनाव से बिगड़ रही लाइफस्टाइल
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आशीष सिंह का कहना है कि आज के युवाओं की दिनचर्या और खानपान की आदतें बीमारी को न्योता दे रही हैं. उन्होंने बताया कि हाईपरटेंशन का सबसे बड़ा कारण लगातार तनाव में रहना, जंक फूड का अधिक सेवन, नमक की ज्यादा मात्रा, शराब और तंबाकू की लत और पूरी तरह निष्क्रिय जीवनशैली है.

बीपी को कंट्रोल करना है जरूरी
डॉ. सिंह कहते हैं कि यह बीमारी अनुवांशिक भी हो सकती है. कई मरीज ऐसे हैं, जिनमें ब्लड प्रेशर के साथ मेटाबॉलिक सिंड्रोम, थायरॉइड की गड़बड़ी, और किडनी की समस्या भी देखने को मिल रही है. उन्होंने बताया कि अगर समय रहते हाई बीपी को कंट्रोल न किया गया तो यह हार्ट अटैक, लकवा और किडनी फेलियर तक का कारण बन सकता है.

क्यों बढ़ रहा है खतरा?
विशेषज्ञों के अनुसार, आजकल के खानपान में सोडियम यानी नमक की मात्रा ज्यादा और पोटेशियम की मात्रा कम हो गई है. यह असंतुलन ब्लड प्रेशर को असामान्य तरीके से बढ़ा रहा है.

क्या हैं बचाव के उपाय?
डॉक्टर आशीष ने हाईपरटेंशन से बचने के लिए कुछ बेहद आसान लेकिन असरदार उपाय बताए हैं.

1. रोज़ाना 30 मिनट की वॉक या कोई शारीरिक गतिविधि जरूर करें.

2. खाना कम नमक वाला हो. 5 ग्राम से ज्यादा नमक न लें.

3. फल, सब्जियां और नारियल पानी का सेवन करें.

4. शराब और तंबाकू से दूरी बनाएं.

5. जंक फूड और पैक्ड चीज़ों से परहेज करें.

6. शरीर का वजन नियंत्रित रखें और समय पर नींद लें.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *