11 घंटे… 55 KM लगातार तैरकर समुद्र का शहंशाह बना IAS अफसर, आयरनमैन का मिला नाम
गाजियाबाद: गाजियाबाद के एक IAS अभिनव गोपाल ने इतिहास रच दिया. अब वह पूरे देश के युवाओं को प्रेरणा बन गए हैं. गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अभिनव गोपाल ने इंग्लैंड और फ्रांस के बीच स्थित दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण समुद्री बाधाओं में से एक इंग्लिश चैनल को तैरकर पार कर दिखाया.
क्या है इंग्लिश चैनल?
इंग्लिश चैनल को फ्रेंच में La Manche कहा जाता है. यह अटलांटिक महासागर का एक हिस्सा है, जो दक्षिणी इंग्लैंड को उत्तर फ्रांस से अलग करता है. इसकी सामान्य चौड़ाई करीब 33 किलोमीटर होती है, लेकिन समुद्री धाराओं, टाइड्स और लहरों की वजह से तैराकों को लगभग 55 किलोमीटर की दूरी तैरनी पड़ती है.
गाजियाबाद के ‘आयरन मैन’ IAS गोपाल ने कहा, “यह सिर्फ एक खेल नहीं था, यह मानसिक और शारीरिक सहनशक्ति की असली परीक्षा थी. इंग्लिश चैनल को पार करना मेरे जीवन का सपना था और इसे पूरा करना गर्व की बात है.”
उन्होंने यह भी कहा कि यह तैराकी उन्हें सिर्फ शारीरिक ताकत ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और अनुशासन की गहराई भी सिखा गई.
IAS अभिनव गोपाल की यह उपलब्धि सिर्फ उनकी निजी जीत नहीं है, बल्कि यह उन तमाम युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है. अगर संकल्प मजबूत हो, तो कोई भी सीमा बड़ी नहीं होती है. उनकी इस उपलब्धि को लेकर गाजियाबाद में गर्व की लहर है. सोशल मीडिया पर उन्हें ‘आयरन मैन’ कहकर सम्मानित किया जा रहा है.
IAS अभिनव गोपाल की यह कहानी बताती है कि प्रशासनिक जीवन के तनाव के बावजूद अगर व्यक्ति में जुनून और अनुशासन हो, तो वह समंदर जैसी चुनौतियों से भी लड़ सकता है. उनकी यह उपलब्धि सिर्फ एक खेल की जीत नहीं, बल्कि एक सोच की जीत है. अगर मन में कुछ ठान लो, तो समंदर भी आपके हौसले को सलाम करता है.