150 सवाल, 150 नंबर और 150 मिनट, UPTET 2026 से पहले समझिए पैटर्न और मार्किंग स्कीम
Last Updated:
UPTET 2026 Exam: यूपी में सरकारी शिक्षक बनने के इच्छुक युवा 2 से 4 जुलाई के बीच यूपीटीईटी परीक्षा देंगे. यूपीटीईटी एडमिट कार्ड 30 जून 2026 से ऑफिशियल वेबसाइट upessc.up.gov.in से डाउनलोड कर सकेंगे. जानिए यूपीटीईटी परीक्षा पैटर्न, मार्किंग स्कीम, टाइमिंग और गाइडलाइंस.
UPTET 2026 Exam Pattern: यूपीटीईटी एडमिट कार्ड 30 जून से उपलब्ध होंगे
नई दिल्ली (UPTET 2026 Exam Pattern). उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में मास्टर बनने की चाह रखने वालों के लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है. उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी यूपीटीईटी 2026 का शेड्यूल और गाइडलाइंस जारी कर दी हैं. यूपीटीईटी परीक्षा 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को ऑफलाइन मोड (पेन और पेपर) में होगी. नीट और महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक से सबक लेते हुए आयोग यूपीटीईटी परीक्षा में बेहद सख्ती बरतने की तैयारी में है.
UPTET 2026 Timings: यूपीटीईटी परीक्षा कब है और कितने बजे होगी?
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा 3 दिनों तक 2 अलग-अलग शिफ्ट्स (शिफ्ट 1 और शिफ्ट 2) में होगी:
- सुबह की शिफ्ट (पेपर 1 – प्राइमरी लेवल): सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक (कक्षा 1 से 5 के शिक्षकों के लिए).
- दोपहर की शिफ्ट (पेपर 2 – अपर प्राइमरी लेवल): दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक (कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों के लिए).
यूपीटीईटी परीक्षा के लिए 2 घंटे 30 मिनट (150 मिनट) का समय दिया जाएगा.
यूपीटीईटी एडमिट कार्ड कब आएगा?
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 22 जून 2026 को यूपीटीईटी एग्जाम सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी थी. इससे आप जान सकते हैं कि एग्जाम किस शहर में है. ध्यान रहे, सिटी स्लिप सिर्फ शहर की जानकारी के लिए थी. वहीं, यूपीटीईटी एडमिट कार्ड (UPTET Admit Card 2026) मंगलवार, 30 जून 2026 को ऑफिशियल वेबसाइट upessc.up.gov.in पर लाइव किया जाएगा. इसे डाउनलोड करने के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की जरूरत पड़ेगी.
यूपीटीईटी एग्जाम पैटर्न और मार्किंग स्कीम
यूपीटीईटी में सफल होने के लिए यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा का पैटर्न समझना जरूरी है:
- प्रश्नों की संख्या: दोनों ही पेपर में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे.
- कुल अंक: पेपर 150 नंबर का होगा.. यानी हर सही सवाल के लिए 1 नंबर मिलेगा.
- मार्किंग स्कीम: इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं की जाती है. बिना किसी डर के सभी 150 प्रश्नों के उत्तर ओएमआर (OMR) शीट पर दे सकते हैं.
- पासिंग मार्क्स: जनरल कैटेगरी के उम्मीदवारों को पास होने के लिए कम से कम 60% (90 नंबर) और आरक्षित वर्ग को 55% (82 नंबर) लाने जरूरी हैं.
यूपीटीईटी के लिए क्या पढ़ें?
- पेपर 1 (प्राइमरी): इसमें 5 सेक्शन होंगे- बाल विकास और शिक्षाशास्त्र (CDP), भाषा-1 (हिंदी), भाषा-2 (अंग्रेजी/उर्दू/संस्कृत में से कोई एक), गणित और पर्यावरण अध्ययन (EVS). सभी सेक्शन से 30-30 प्रश्न आएंगे.
- पेपर 2 (अपर प्राइमरी): इसमें बाल विकास और दोनों भाषाएं अनिवार्य रहेंगी. चौथे सेक्शन में साइंस-मैथ्स बैकग्राउंड वालों को गणित और विज्ञान का 60 नंबर का पेपर देना होगा. आर्ट्स वालों को 60 नंबर का सोशल स्टडीज का पेपर हल करना होगा. आखिरी दिनों में नए टॉपिक पढ़ने के बजाय सिर्फ पुराने पेपर्स (PYQs) का रिवीजन करें.
यूपीटीईटी परीक्षा से पहले जानें गाइडलाइंस
यूपीटीईटी परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए आयोग के सभी दिशा-निर्देश समझना जरूरी है.
- समय से पहुंचें: एग्जाम शुरू होने से कम से कम 1 घंटा पहले सेंटर पर पहुंचें. गेट बंद होने के बाद एंट्री नहीं मिलेगी.
- जरूरी दस्तावेज: यूपीटीईटी एडमिट कार्ड का साफ प्रिंटआउट, एक वैध फोटो आईडी प्रूफ (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी) और काले/नीले रंग का बॉलपॉइंट पेन साथ ले जाना न भूलें.
- इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स बैन: मोबाइल, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या ब्लूटूथ जैसी कोई भी चीज एग्जाम हॉल के अंदर ले जाने की सख्त मनाही है.
About the Author

Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with News18 Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is known for her versat…और पढ़ें