1800 करोड़ की एरोसिटी और इंटरनेशनल स्टेडियम, बदल जाएगी गाजियाबाद की सूरत

0
1800 करोड़ की एरोसिटी और इंटरनेशनल स्टेडियम, बदल जाएगी गाजियाबाद की सूरत


Last Updated:

Ghaziabad News: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमियों और विकास की राह देख रहे गाजियाबाद के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर उतरता नजर आ रहा है. करीब 37 एकड़ में फैलने वाले इस मेगा प्रोजेक्ट का काम बाउंड्री वॉल के निर्माण के साथ तेजी से शुरू हो गया है. लगभग 400 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह स्टेडियम न केवल गाजियाबाद को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर लाएगा, बल्कि इसके साथ विकसित होने वाली एरोसिटी पूरे क्षेत्र की आर्थिक और शहरी तस्वीर को बदल कर रख देगी.

Ghaziabad News: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में बनने जा रहा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम अब तेजी से जमीन पर उतरता दिख रहा है. करीब 37 एकड़ में बनने वाला यह मेगा प्रोजेक्ट ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. स्टेडियम का निर्माण लगभग 350 से 400 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा और इसे पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है. खास बात यह है कि यहां एक साथ करीब 35 हजार दर्शक बैठकर मैच का आनंद ले सकेंगे जिससे गाजियाबाद भी बड़े क्रिकेट शहरों की सूची में शामिल हो जाएगा.

निर्माण का पहला चरण शुरू, बाधाएं हुईं दूर
गाजियाबाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण का पहला चरण शुरू हो चुका है और बाउंड्री वॉल का काम तेजी से कराया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक पहले इस प्रोजेक्ट में एफएआर और हाई टेंशन लाइन जैसी अड़चनें सामने आ रही थीं लेकिन अब इन सभी बाधाओं को दूर कर लिया गया है. बाउंड्री वॉल का निर्माण पूरा होते ही मुख्य स्टेडियम का निर्माण भी तेजी से शुरू कर दिया जाएगा. इससे यह साफ है कि अब प्रोजेक्ट में किसी तरह की देरी की संभावना काफी कम हो गई है.

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा स्टेडियम
इस स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस किया जाएगा ताकि यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आसानी से कराए जा सकें. स्टेडियम में फ्लडलाइट, प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, मीडिया सेंटर, वीआईपी लाउंज और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. खिलाड़ियों के लिए भी उच्च स्तर की सुविधाएं होंगी जिससे यह स्टेडियम बड़े टूर्नामेंट्स के लिए पूरी तरह उपयुक्त साबित होगा.

सीएम योगी का ड्रीम प्रोजेक्ट: तय समय में होगा पूरा
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने बताया कि अब स्टेडियम के निर्माण में कोई बड़ी बाधा नहीं बची है और इसे तय समय यानी लगभग ढाई साल में पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है जिसे गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और यूपी क्रिकेट एसोसिएशन मिलकर जॉइंट वेंचर के तहत विकसित कर रहे हैं.

एरोसिटी टाउनशिप: निवेश और पर्यटन का नया हब
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि स्टेडियम के आसपास करीब 380 एकड़ में एरोसिटी टाउनशिप भी विकसित की जाएगी जिसकी लागत लगभग 1800 करोड़ रुपये होगी. यहां बड़े होटल, लक्जरी रिजॉर्ट, शॉपिंग मॉल, रिटेल जोन, बिजनेस हब और एंटरटेनमेंट सेंटर बनाए जाएंगे. एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण यह इलाका निवेश और पर्यटन के लिए भी बड़ा आकर्षण बनेगा. इसके अलावा इस पूरे क्षेत्र को एक इंटीग्रेटेड अर्बन हब के रूप में विकसित किया जाएगा जिसमें स्पोर्ट्स एकेडमी, स्मार्ट रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स और ग्रीन स्पेस जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी.

रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार
इससे यह इलाका रहने, काम करने और मनोरंजन के लिए एक आधुनिक और सुविधाजनक केंद्र बन जाएगा. इस मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने से गाजियाबाद और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में रोजगार के बड़े अवसर पैदा होंगे. निर्माण कार्य से लेकर होटल, रिटेल और सर्विस सेक्टर तक हजारों लोगों को काम मिलेगा. कुल मिलाकर यह स्टेडियम सिर्फ क्रिकेट का मैदान नहीं होगा बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास और आर्थिक मजबूती का नया केंद्र बनकर उभरेगा.

About the Author

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *