2 लाख में थार, ₹10 में सोलर बाइक! आजमगढ़ के देसी हुनर ने देश को चौंकाया
Last Updated:
Azamgarh News: आजमगढ़ के तीन हुनरमंद मैकेनिकों ने अपने देसी जुगाड़ और कमाल के टैलेंट से हर किसी को हैरान कर दिया है. आर्थिक तंगी के बावजूद इन्होंने ई-रिक्शा को ₹2 लाख में असली जैसी ‘मिनी थार’ में बदला, यूट्यूब से सीखकर ₹10 में 160 KM चलने वाली 7-सीटर सोलर बाइक बनाई और कबाड़ के सामान से चमचमाती ‘रोल्स रॉयस’ तैयार कर दी. इनके इस अनोखे आविष्कार के कायल बॉलीवुड महानायक अमिताभ बच्चन और उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी हो चुके हैं. जानिए आजमगढ़ के इन देसी इंजीनियरों की पूरी और प्रेरणादायक कहानी…
‘टैलेंट किसी डिग्री या बड़े कॉलेज का मोहताज नहीं होता…’ इस कहावत को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के तीन हुनरमंदों ने सच साबित कर दिखाया है. सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद, अपने हुनर और देसी जुगाड़ के दम पर इन्होंने ऐसे अनोखे आविष्कार किए हैं कि सिर्फ आजमगढ़ ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड से लेकर देश के बड़े उद्योगपतियों की निगाहें भी इन पर टिक गई हैं. ई-रिक्शा से बनी ‘मिनी थार’ से लेकर ₹10 में 160 किलोमीटर चलने वाली ‘सोलर बाइक’ और कबाड़ से तैयार ‘रोल्स रॉयस’ तक आजमगढ़ के इन देसी इंजीनियरों का कमाल हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है.
आजमगढ़ जिले के रहने वाले प्रवेश मौर्या पेशे से कार मैकेनिक हैं और इलेक्ट्रिक वाहनों की रिपेयरिंग व मेंटेनेंस का काम करते हैं. लोकल-18 से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि उन्हें महिंद्रा थार गाड़ी बेहद पसंद है और वह इसे खरीदना भी चाहते थे. हालांकि, आर्थिक स्थिति मजबूत न होने और सीमित बजट के कारण वह अपनी पसंदीदा गाड़ी खरीदने में असमर्थ थे. लेकिन उन्होंने अपने इस सपने को पूरा करने के लिए एक बेहद अनोखा और जबरदस्त जुगाड़ निकाला.
प्रवेश ने तय किया कि अगर वह बाजार से थार नहीं खरीद सकते, तो वह इस गाड़ी को खुद बनाएंगे. उन्होंने अपने टैलेंट और देसी जुगाड़ के दम पर अपनी ही वर्कशॉप में एक इलेक्ट्रिक रिक्शा को ‘मिनी थार’ में कन्वर्ट कर दिया. उन्होंने महज ₹2 लाख की लागत में थार खरीदने का अपना सपना पूरा कर लिया. यह छोटी सी थार दिखने में बिल्कुल असली महिंद्रा थार जैसी नजर आती है, जो आजमगढ़ की सड़कों पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
इसी तरह आजमगढ़ जनपद के एक और व्यक्ति ने ऐसा आविष्कार कर दिखाया, जिसकी गूंज आजमगढ़ से लेकर बॉलीवुड और ऑटोमोबाइल जगत तक सुनाई देने लगी. आजमगढ़ के असद अब्दुल्ला ने यूट्यूब से सीखकर और तरह-तरह के एक्सपेरिमेंट करते हुए एक ऐसी सोलर बाइक बना दी, जो महज ₹10 के खर्चे में 160 किलोमीटर तक का सफर तय करती है.
असद ने अपनी इस 7-सीटर सोलर बाइक का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसके बाद वह रातों-रात वायरल हो गए. उनकी इस वीडियो को बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा भी शेयर किया गया था. इसके अलावा, दिग्गज उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने भी इस अनोखे आविष्कार की जमकर तारीफ की थी.
जनपद में जुगाड़ से बनी किफायती और लग्जरी सवारी का सिलसिला यहीं नहीं थमता. आजमगढ़ जिले के सलमान द्वारा भी कबाड़ से एक ऐसी लग्जरी गाड़ी तैयार की गई, जो लोगों के बीच कौतुहल का विषय बन गई. सलमान ने कबाड़ हो चुकी गाड़ी का उपयोग करते हुए दुनिया की सबसे महंगी और लग्जरी गाड़ियों में शुमार ‘रोल्स रॉयस’ जैसी दिखने वाली गाड़ी बना डाली.
इस गाड़ी को तैयार करने के लिए सलमान ने पुरानी गाड़ी के इंजन और स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कबाड़ सामग्री का उपयोग किया और इसे एक खूबसूरत व लग्जरी डिजाइन दिया. अपने इसी शानदार लुक के कारण यह गाड़ी लोगों के बीच जबरदस्त आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. गांव की सड़कों पर इस तरह की लग्जरी गाड़ी को दौड़ता देख स्थानीय लोग हैरान रह जाते हैं दूर-दराज से लोग भी इसे देखने पहुंच रहे हैं.
आजमगढ़ जनपद के इन तीन मैकेनिकों द्वारा देसी जुगाड़ से किए गए अनोखे और जबरदस्त कमाल की सराहना पूरे देश में की जा रही है. सीमित संसाधनों में किया गया यह कारनामा यह साबित करता है कि प्रतिभा किसी बड़ी डिग्री या बड़े संस्थानों की पढ़ाई की मोहताज नहीं होती, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और बड़े सपनों के बल पर इंसान कुछ भी हासिल कर सकता है.