‘2 दिन बंद रहेगा NH-24’, कांवड़ यात्रा के लिए ग्रेटर नोएडा कितना तैयार?

0
‘2 दिन बंद रहेगा NH-24’, कांवड़ यात्रा के लिए ग्रेटर नोएडा कितना तैयार?


Last Updated:

Kanwar Yatra Greater Noida : कांवड़ यात्रा के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं. पूरे इलाके को थाना स्तर पर 9 जोन में बांटा गया है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने लोकल 18 को बताया कि हर जोन को छोटे-छोटे सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके. हर बीट की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर को सौंपी गई है. मोटरसाइकिल गश्ती दल, चार पहिया पुलिस वाहन और डायल-112 की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी. जहां-जहां जरूरत थी, वहां सड़कों की मरम्मत कराई गई है. हरियाणा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से डायवर्ट किया जाएगा.

ग्रेटर नोएडा. कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए ग्रेटर नोएडा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं. डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने लोकल 18 को बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से पूरे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को थाना स्तर पर 9 जोन में बांटा गया है. हर जोन को आगे छोटे-छोटे सेक्टरों में बांटा गया है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके. डीसीपी ने बताया कि हर बीट की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर को सौंपी गई है. उनके साथ पर्याप्त संख्या में कांस्टेबलों की भी तैनाती की गई है. इससे कांवड़ मार्गों पर लगातार पुलिस की मौजूदगी बनी रहेगी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी.

अस्थायी पुलिस चौकियां

डीसीपी ने कहा कि भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं. मोटरसाइकिल गश्ती दल, चार पहिया पुलिस वाहन और डायल-112 की टीमें लगातार सक्रिय रहेंगी. इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाना है.

खंभों पर प्लास्टिक इंसुलेशन

डीसीपी निम ने बताया कि पुलिस ने केवल सुरक्षा व्यवस्था तक ही अपने प्रयास सीमित नहीं रखे हैं, बल्कि अन्य सरकारी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर लोगों सुविधाओं को भी बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है. जहां-जहां आवश्यकता थी, वहां सड़कों की मरम्मत कराई गई है और गड्ढों को भरवाने का काम कराया गया है, ताकि कांवड़ियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है. सभी प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें सुचारू रूप से संचालित हैं. बरसात के मौसम को देखते हुए बिजली के खंभों पर प्लास्टिक इंसुलेशन कराया गया है, जिससे करंट फैलने की आशंका को कम किया जा सके. ट्रांसफार्मरों के चारों ओर बैरिकेडिंग कर उन्हें सुरक्षित बनाया गया है, ताकि श्रद्धालु किसी भी प्रकार की दुर्घटना से सुरक्षित रहें.

नहीं होगी कोई असुविधा

डीसीपी के मुताबिक, कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बृजघाट और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. ऐसे में पुलिस का प्रयास है कि पूरी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित माहौल मिले. उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो. ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने विशेष योजना तैयार की है. डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से गुजरने वाले एनएच-24 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर यातायात को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं. 7 और 8 अगस्त को भारी वाहनों का एनएच-24 पर प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. हरियाणा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही निर्बाध बनी रहे और जाम जैसी स्थिति उत्पन्न न हो.

डीसीपी ने कहा कि पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ लगातार काम कर रहे हैं. सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें. पुलिस का लक्ष्य कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें.

About the Author

Priyanshu Gupta

प्रियांशु गुप्‍ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…

और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *