210 रुपये में बनाया जाता है चैंपियन…ग्रेटर नोएडा का ये स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए वरदान
Last Updated:
Greater Noida Malakpur Stadium : मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जूडो, रेसलिंग, कबड्डी, नेटबॉल और बास्केटबॉल की नियमित ट्रेनिंग कराई जा रही है. प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली लोकल 18 से बताते हैं कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह की वजह से यहां लगातार खिलाड़ियों की संख्या बढ़ रही है. खिलाड़ियों की फिटनेस और शारीरिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में सप्ताह में दो दिन जिम प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है. स्टेडियम में केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया है.
ग्रेटर नोएडा. गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम आज खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने का केंद्र बनता जा रहा है. जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्धनगर, खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और जिला विकास खेल एवं प्रोत्साहन समिति के सहयोग से यहां खिलाड़ियों को बेहद कम शुल्क में बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. मात्र 210 रुपये वार्षिक शुल्क जमा कर खिलाड़ी यहां योग्य प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं. प्रभारी जिला खेल अधिकारी डॉ. परवेज अली लोकल 18 से बताते हैं कि मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जूडो, रेसलिंग, कबड्डी, नेटबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों का नियमित प्रशिक्षण दिया जा रहा है. ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को देखते हुए यहां लगातार खिलाड़ियों की संख्या बढ़ रही है. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी कम शुल्क में प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
डॉ. परवेज के मुताबिक, खिलाड़ियों की फिटनेस और शारीरिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में सप्ताह में दो दिन जिम प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है. प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता को बेहतर बना रहे हैं, जिससे उनके प्रदर्शन में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है. खिलाड़ियों का कहना है कि पहले उन्हें खेल प्रशिक्षण के लिए शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब गांव के पास ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने से उन्हें काफी लाभ मिल रहा है. स्टेडियम में केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा गया है. यहां ओपन जिम की व्यवस्था की गई है, जिसका लाभ क्षेत्र के लोग निशुल्क रूप से उठा रहे हैं. सुबह और शाम के समय बड़ी संख्या में महिलाएं और बुजुर्ग यहां व्यायाम करते नजर आते हैं.
सरकार की ये मंशा
मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. डॉ. परवेज ने बताया कि उनका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाना है. सरकार की मंशा है कि आर्थिक स्थिति किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा के आड़े न आए, इसलिए बेहद कम शुल्क में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है.
आगे का क्या प्लान
डॉ. परवेज बताते हैं कि स्टेडियम में योग्य प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है. अनुशासन, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आने वाले समय में यहां और अधिक खेल सुविधाएं विकसित करने की योजना है. मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम आज ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बन चुका है. कम शुल्क, बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं यहां की पहचान बन चुकी हैं.
About the Author
प्रियांशु गुप्ता बीते 10 साल से भी ज्यादा समय से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म का ककहरा सीख अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. य…और पढ़ें