36 घंटे से रखी है लाश… आजाद वर्मा हत्याकांड पर क्यों मचा है बवाल
Last Updated:
Azad Verma Hatyakand: आजाद वर्मा हत्याकांड में लगातार बवाल जारी है. मृतक के परिजन बुलडोजर एक्शन और आरोपियों के घर एनकाउंटर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. 36 घंटे हो गए हैं लेकिन शव का अंतिम संस्कार अभी तक नहीं किया गया है.
आजाद वर्मा हत्याकांड केस.
सुल्तानपुर: आजाद वर्मा हत्याकांड में भारी बवाल देखने को मिल रहा है. 36 घंटे बाद भी परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया. मृतक के परिजनों की मांग है कि फरार चल रहे 3 आरोपियों का एनकाउंटर किया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए. गोसाईगंज थाना क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल है. भारी पुलिस बल और आला अधिकारी मौके पर मौजूद है. परिजनों को मनाने की कोशिश की जा रही है.
हत्याकांड में शामिल 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. बाकी 3 की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है. न्याय की मांग पर पीड़ित परिवार अड़ा है. प्रशासन और परिजनों के बीच गतिरोध जारी है. बताते चलें कि आजाद वर्मा हत्याकांड ने राजनीतिक रंग ले लिया है. समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता श्याम लाल निषाद ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं. श्याम लाल निषाद ने आरोप लगाया कि पीड़ित ने मरने से पहले अपना बयान दिया था, इसके बावजूद प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है.
उन्होंने इस मामले में ‘झूठी लीपापोती’ करार दिया. निषाद ने प्रशासन पर दोहरा चरित्र अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ उनके ‘भाई’ की हत्या पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही, वहीं दूसरी ओर अन्य मामलों में तुरंत एनकाउंटर कर दिया जाता है. उन्होंने संविधान का हवाला देते हुए कहा कि कानून के समक्ष सभी समान हैं और सबको न्याय का समान अधिकार है. आजाद वर्मा की हत्या रविवार शाम पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर की गई थी. इस घटना के बाद सोमवार को पूर्व विधायक अरुण वर्मा लखनऊ पहुंचे और परिजनों के साथ शव लेकर सुल्तानपुर लौटे.
परिजनों ने अभी तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है. अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर छह नामजद व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल अभियोग पंजीकृत किया गया था. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया. कार्रवाई के तहत, इस मामले में नामजद तीन व्यक्तियों- सूरज पांडे, सत्यम पांडे और रूपम पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें