40 मिनट का सफर 10 मिनट में! भंगेल एलिवेटेड रोड पर खत्म होगा जाम

0
40 मिनट का सफर 10 मिनट में! भंगेल एलिवेटेड रोड पर खत्म होगा जाम


Last Updated:

Noida Bhangel Elevated Road: नोएडा के भंगेल एलिवेटेड रोड पर अब जाम से मिलेगी मुक्ति! नोएडा प्राधिकरण ने आगाहपुर के पास सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है. यहां फुटपाथ हटाकर रास्ता खोला गया है, जिससे DSC रोड पर ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ेगी. सेक्टर-41 से फेज-2 जाने वाले यात्रियों को अब घंटों के जाम से राहत मिलेगी. पूरी खबर में जानें कैसे प्राधिकरण का यह नया मास्टरप्लान आपके सफर को आसान बनाएगा और नोएडा के किन सेक्टरों को होगा सीधा फायदा.

Zoom

Noida Bhangel Elevated Road: अगर आप नोएडा के डीएससी (दादरी-सूरजपुर-छलेरा) रोड पर चलने वाले मुसाफिर हैं और भंगेल एलिवेटेड रोड के पास लगने वाले लंबे जाम से परेशान थे, तो आपके लिए एक बेहद अच्छी खबर है. नोएडा प्राधिकरण अब पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गया है. इस व्यस्त कॉरिडोर पर ट्रैफिक की रफ्तार बढ़ाने के लिए प्राधिकरण ने सड़क चौड़ीकरण का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है. रविवार को आगाहपुर के पास सड़क किनारे बने फुटपाथ को हटाकर वाहनों के लिए अतिरिक्त जगह बनाई गई, जिससे अब एलिवेटेड रोड पर चढ़ना और उसके नीचे से गुजरना काफी आसान हो जाएगा.

क्यों लगता था आगाहपुर पर भीषण जाम?
भंगेल एलिवेटेड रोड सेक्टर-41 आगाहपुर से शुरू होकर फेज-2 स्थित गंदे नाले तक जाता है. वैसे तो यह एलिवेटेड रोड लाखों लोगों की लाइफलाइन बन चुका है, लेकिन आगाहपुर के पास एक ‘बॉटलनेक’ (रास्ता संकरा होना) की वजह से वाहन रेंगने पर मजबूर थे.

प्राधिकरण की जांच में जाम के दो मुख्य कारण सामने आए थे:

  1. एलिवेटेड रोड पर चढ़ने वाले पॉइंट के पास एक तरफ फुटपाथ था और दूसरी तरफ डिवाइडर, जिसकी वजह से सड़क काफी संकरी हो गई थी.
  2. चढ़ाई से ठीक पहले एक यू-टर्न बना है. यहाँ से सेक्टर-42, 45 और सदरपुर जाने वाले वाहन जैसे ही मुड़ते थे, पीछे से आ रहा ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो जाता था.

फुटपाथ हटाकर चौड़ी की सड़क
इन समस्याओं को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने मौके पर ही सुधार कार्य शुरू कर दिया. रविवार को आगाहपुर की तरफ बने फुटपाथ के एक बड़े हिस्से को तोड़ दिया गया. फुटपाथ हटने के बाद उस जगह को सड़क के लेवल पर लाया गया है. इस बदलाव से अब उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जो एलिवेटेड रोड के ऊपर न जाकर नीचे से सेक्टर-49 चौराहे की ओर जाना चाहते हैं. अब ट्रैफिक दो अलग-अलग हिस्सों में आसानी से बंट सकेगा, जिससे एलिवेटेड रोड पर चढ़ने वाली गाड़ियों को भी बिना रुके रास्ता मिलेगा.

5.5 किमी लंबा सफर, अब मिनटों में होगा तय
भंगेल एलिवेटेड रोड नोएडा की सबसे महत्वपूर्ण और बड़ी परियोजनाओं में से एक है. लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 5.5 किलोमीटर लंबे रोड का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है.

  • इसका काम जून 2020 में शुरू हुआ था.
  • कोविड-19 महामारी और बजट की दिक्कतों के कारण काम कई बार रुका.
  • अगस्त 2025 में काम पूरा हुआ और नवंबर 2025 से इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया.

इस रोड के बनने से सेक्टर-41, 49, 50, 51, 82, 101, 106, 110 के साथ-साथ बरौला, सलारपुर और भंगेल जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को जबरदस्त फायदा मिला है. जो सफर पहले 30 से 40 मिनट में पूरा होता था, वह अब सिर्फ 8 से 10 मिनट में सिमट गया है.

फेज-2 की तरफ अभी भी है चुनौती
भले ही आगाहपुर की समस्या को प्राधिकरण ने काफी हद तक सुलझा लिया है, लेकिन एलिवेटेड रोड के दूसरे छोर (फेज-2 गंदा नाला) पर अभी भी मुश्किलें बरकरार हैं. यहां रोड से उतरते ही वाहन चालक गलत दिशा से आने लगते हैं, जिससे जाम लग जाता है. स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की मांग है कि प्राधिकरण और ट्रैफिक पुलिस को मिलकर यहाँ भी एक पुख्ता योजना बनानी चाहिए ताकि पूरे रूट पर कहीं भी ब्रेक न लगे.

About the Author

authorimg

Rahul Goel

राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *