40000 लीटर एथेनॉल से भरा ट्रक प्रयागराज में बीच सड़क रूका, 10 घंटे तक बहता रहा
Last Updated:
Prayagraj ethanol leak: प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले बनारस-कानपुर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एथेनॉल से भरा एक टैंकर अचानक बीच सड़क पर रिसने लगा. टायर फटने के बाद टैंकर में लीकेज शुरू हो गया. गनीमत रही कि चालक अरूण कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सुरक्षित जगह पर रोक लिया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था. यह ट्रक मिर्जापुर से प्रयागराज जा रहा था.
ट्रक से सड़क पर बहता रहा पेट्रोल, प्रयागराज
प्रयागराज: हंडिया थाना क्षेत्र से होकर गुजरने वाले बनारस-कानपुर हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एथेनॉल से भरा एक टैंकर अचानक बीच सड़क पर रिसने लगा. टायर फटने के बाद टैंकर में लीकेज शुरू हो गया. गनीमत रही कि चालक अरूण कुमार ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सुरक्षित जगह पर रोक लिया, वरना कोई बड़ा हादसा हो सकता था. यह ट्रक मिर्जापुर से प्रयागराज जा रहा था.
40 हजार लीटर था ट्रक में एथेनॉल
जानकारी के मुताबिक टैंकर में 40 हजार लीटर से अधिक एथेनॉल लदा था और वह वाराणसी से कानपुर की तरफ जा रहा था. हंडिया के पास पहुंचते ही तेज आवाज के साथ टायर फट गया. इसके साथ ही टैंकर के निचले हिस्से से एथेनॉल टपकना शुरू हो गया. ज्वलनशील पदार्थ को सड़क पर बहता देख चालक घबरा गया. उसने तुरंत वाहन की गति धीमी की और हाईवे किनारे खाली स्थान देखकर टैंकर खड़ा कर दिया. साथ ही इंजन बंद कर चाबी निकाल ली. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोगों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी.
फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
मौके पर पहुंची हंडिया पुलिस ने फौरन हाईवे पर यातायात रोकवा दिया और दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने सबसे पहले पूरे इलाके में पानी का छिड़काव किया ताकि कोई चिंगारी आग न पकड़ सके. इसके बाद रिसाव वाली जगह को रेत और फोम की मदद से कवर किया गया. करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया. अधिकारियों के अनुसार टैंकर से लगभग 400 से 500 लीटर एथेनॉल सड़क पर बह चुका था. पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानें भी कुछ देर के लिए बंद करा दी थीं.
क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त टैंकर को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया. करीब एक घंटे तक हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. हंडिया थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में टायर फटने से टैंकर में झटका लगने के कारण लीकेज हुआ है. चालक की समय पर कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया. टैंकर को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. कंपनी के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है. फिलहाल हाईवे पर यातायात सामान्य है और स्थिति नियंत्रण में है.
About the Author

मैं रजनीश कुमार यादव, 2019 से पत्रकारिता से जुड़ा हूं. तीन वर्ष अमर उजाला में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया. तीन वर्षों से न्यूज18 डिजिटल (लोकल18) से जुड़ा हूं. ढाई वर्षों तक लोकल18 का रिपोर्टर रहा. महाकुंभ 2025 …और पढ़ें