5 साल में नहीं बदली बलिया की तस्वीर, गड्ढों में तब्दील मिड्ढी मार्ग

0
5 साल में नहीं बदली बलिया की तस्वीर, गड्ढों में तब्दील मिड्ढी मार्ग


बलिया: पांच साल पहले आजादी का तगमा हासिल करने वाला बागी बलिया आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है. आज भी यह जिला विकास से कोसों दूर है. पूरा शहर बदहाल नजर आता है. अगर जनपद के मिड्ढी मार्ग की बात करें, तो यह सड़क बलिया शहर, राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ती है. लेकिन इसकी हालत इतनी खराब है कि देखकर कोई भी हैरान रह जाए. सड़क पर गड्ढों की भरमार है, जिससे लोगों का सुरक्षित निकलना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोग सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगा रहे हैं.

बार-बार सड़क निर्माण, फिर भी नहीं खत्म हो रही समस्या

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क इस तरह बनाई जाती है कि कुछ ही समय में टूट जाए और दोबारा निर्माण के नाम पर सरकारी धन खर्च किया जा सके. उनका आरोप है कि ठेकेदारों की लापरवाही के कारण आए दिन हादसे होते हैं. सरकार की गड्ढा मुक्त अभियान जैसी योजनाओं पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है.

सीवर कार्य बना लोगों की परेशानी की वजह

स्थानीय निवासी अजीत यादव ने बताया कि यहां रोज दुर्घटनाएं होती हैं और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. पिछले दो वर्षों से सीवर लाइन के नाम पर लगातार खुदाई हो रही है. सड़क पर मरम्मत का काम होता है, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क फिर टूट जाती है. वहीं, नलिन ओझा ने कहा कि कुछ महीने पहले ही सड़क बनी थी, लेकिन उसकी मौजूदा हालत ही सब कुछ बयां कर रही है.

बारिश में सड़क बन जाती है तालाब

बारिश के दौरान पूरी सड़क पानी से भर जाती है, जिससे ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल चालकों के लिए गुजरना बेहद मुश्किल हो जाता है. स्थानीय निवासी रजत सिंह ने कहा कि जब भी वह इस रास्ते से गुजरते हैं, यहां खुदाई या निर्माण कार्य चलता हुआ मिलता है. उन्होंने सरकार से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की.

लोगों ने उठाए भ्रष्टाचार पर सवाल

शिवांश पांडेय ने कहा कि इस सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि उन्हें गिनना भी संभव नहीं है. बारिश के बाद हालात ऐसे हो जाते हैं जैसे सड़क पर नाव चलानी पड़े. वहीं, आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि वर्षों से सड़क की यही स्थिति बनी हुई है. ऐसा लगता है मानो यहां किसी खजाने की तलाश में लगातार खुदाई की जा रही हो. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर दो किलोमीटर की सड़क और नाले का निर्माण पूरा क्यों नहीं हो पा रहा है.

स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई की मांग की

छाता निवासी पुरुषोत्तम साहनी ने कहा कि मिड्ढी मार्ग ही नहीं, बल्कि सहतवार-बांसडीह मार्ग भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है. उनका कहना है कि यहां हर समय खुदाई चलती रहती है और खराब सड़क की वजह से लोग आए दिन हादसों का शिकार हो रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *