70KMPH की तूफानी आंधी और बारिश, राजस्थान से बिहार तक आज मौसम ढाएगा कहर
Today Weather News Live: जून का आधा महीना गुजरने को है, लेकिन देश के कई हिस्सों में मानसून अभी भी अपनी पूरी रफ्तार नहीं पकड़ पाया है. एक तरफ पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बादल जमकर बरसने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में आंधी, धूलभरी हवाएं और बढ़ती गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आज देशभर में मौसम के कई रंग देखने को मिलेंगे. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. वहीं महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा क्षेत्रों में लू का प्रकोप जारी रह सकता है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों में आगे बढ़ सकता है, जिससे कई राज्यों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में अभी भी मानसून की रफ्तार सुस्त बनी हुई है और यहां लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है.
बारिश तो आज यहां कहर ढाएगा
वहीं पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा. बिहार और झारखंड के कई इलाकों में बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.
बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा.
राजस्थान में 70KMPH की तूफानी हवा
राजस्थान में मौसम सबसे ज्यादा उग्र रूप दिखा सकता है. मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में थंडरस्क्वॉल यानी तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी की भी संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.
महाराष्ट्र में दोहरी स्थिति देखने को मिलेगी. एक तरफ कोंकण और गोवा के कुछ इलाकों में उमस भरा मौसम बना रहेगा, वहीं दूसरी तरफ विदर्भ और मराठवाड़ा में हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने मराठवाड़ा और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है. वहीं मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. केरल और तटीय कर्नाटक में व्यापक वर्षा होने की संभावना है. तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. तेलंगाना और रायलसीमा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. दक्षिणी राज्यों में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है.
दिल्ली में बादलों का डेरा, 60KMPH से चल सकती है आंधी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद दिल्लीवासियों को गर्मी से तत्काल राहत मिलने की उम्मीद कम है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. न्यूनतम तापमान भी 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे उमस और गर्मी दोनों में इजाफा होगा.
यूपी में आंधी और उत्तराखंड में बारिश के आसार
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे मौसम काफी उथलपुथल वाला रहेगा. पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है. चारधाम यात्रा मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका बनी हुई है.
बिहार-झारखंड में मानसून का असर
बिहार में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे मजबूत होती दिखाई दे रही हैं. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है.
मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…
मानसून को लेकर क्या अपडेट है?
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. अगले 4-5 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक के शेष हिस्सों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा के और इलाकों में पहुंचने की संभावना है.
किन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश का अलर्ट है?
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली वालों को बारिश से राहत मिलेगी या गर्मी बढ़ेगी?
दिल्ली में दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इसके बावजूद अगले कुछ दिनों में तापमान 4-6 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है.
राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने क्या चेतावनी जारी की है?
पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी चल सकती है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. धूलभरी आंधी का भी खतरा है.
किन राज्यों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया गया है?
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना है. यहां लोगों को दोपहर के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मछुआरों के लिए क्या सलाह दी गई है?
मौसम विभाग ने 14 से 19 जून के बीच ओमान तट, अरब सागर, अंडमान सागर, ओडिशा तट, श्रीलंका तट और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है.