UP News Live: नदी से निकलकर शाहजहांपुर के गांव में घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़कर बांधा, वीडियो वायरल

0
UP News Live: नदी से निकलकर शाहजहांपुर के गांव में घुसा मगरमच्छ, ग्रामीणों ने पकड़कर बांधा, वीडियो वायरल


UP News Update in Hindi: अगर आपको उत्तर प्रदेश से जुड़ी आज की मुख्य और ताजा खबरें पढ़नी हैं तो यहां पर आपको सब जानकारी मिलेगी. यहां आपको शहर और उसके आस-पास की बड़ी खबरों के अलावा अलग-अलग स्थानों पर होने वाले घटनाक्रमों के बारे में भी सब पढ़ने को मिलेगा, तो जुड़े रहिए न्यूज 18 के साथ…

गाजियाबाद फर्जी दूतावास केस: मास्टरमाइंड हर्षवर्धन की रिमांड का आखिरी दिन, परिवार भी आया पुलिस के शिकंजे में

हर्षवर्धन जैन के जरिए अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और बैंक खातों की परतें खुल रही हैं.
गाजियाबाद में फर्जी दूतावास चलाने के आरोपी हर्षवर्धन जैन की पुलिस रिमांड का आज अंतिम दिन है. जेल भेजे जाने से पहले उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा. पुलिस सूत्रों के अनुसार, पांच दिन की रिमांड में कई बड़े खुलासे हुए हैं. दिल्ली समेत कई स्थानों पर छापेमारी हुई और हर्षवर्धन की पत्नी, साला और ससुर की संलिप्तता भी उजागर हुई है. पूछताछ के दौरान हर्षवर्धन बार-बार अपने बयान बदल रहा है. उसने दावा किया कि उसकी 25 से अधिक देशों में कंपनियां हैं और विदेशी यात्राएं उसी वजह से करता है. अब तक जांच में 21 बैंक खातों से करोड़ों की लेन-देन, गोल्ड बिजनेस में निवेश, 5 करोड़ की विदेशी घड़ियां और हवाला में इस्तेमाल होने वाली 4 लग्जरी गाड़ियां बरामद हो चुकी हैं. पुलिस अब हर्षवर्धन के परिजनों को भी आरोपी बनाने की तैयारी में है. परिवार की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं.

सुल्तानपुर में ट्रक निकालने के दौरान तेज रफ्तार कार ने रौंदे 6 लोग, एक की मौत
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बझना गांव के पास देर रात बड़ा हादसा हो गया. कीचड़ में फंसे एक ट्रक को जेसीबी से निकाला जा रहा था, इसी दौरान तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने वहां खड़े आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को रौंद दिया. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद वाहन फरार हो गया. पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश में कई टीमें गठित कर दी हैं.

सुल्तानपुर में हिस्ट्रीशीटर तस्कर गिरफ्तार, स्मैक के साथ पुलिस ने दबोचा

सुल्तानपुर की बल्दीराय थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्दांत अपराधी व हिस्ट्रीशीटर विश्वनाथ सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त था और लंबे समय से पुलिस के रडार पर था. पुलिस ने 6 लेन के बगल स्थित सर्विस रोड तिराहा चकटेरी के पास से उसके कब्जे से अवैध स्मैक बरामद की है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है. विश्वनाथ सिंह पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

आगरा में बाढ़ग्रस्त गांव में गिरा घर की दीवार का हिस्सा, मलबे में दबकर 5 लोग घायल

आगरा के थाना मनसुखपुरा क्षेत्र के रेहा गांव में देर रात एक घर की दीवार गिरने से 5 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए. हादसे के समय गांव में बाढ़ का पानी भरा था और दीवार में सीलन के चलते अचानक गिरावट आ गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. कड़ी मशक्कत के बाद मोटरबोट की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया. सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है. गांव में राहत कार्य जारी हैं.

मगरमच्छ को ग्रामीणों पकड़ा
शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के सहदेवपुर गांव में रात के अंधेरे में एक मगरमच्छ घुस आया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. मगरमच्छ ने कई लोगों और जानवरों पर हमला भी किया. पूरी रात वह गलियों में घूमता रहा. सुबह ग्रामीणों ने उसे सड़क पर टहलते देखा और रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया. हैरानी की बात यह है कि सूचना देने के बावजूद अब तक न पुलिस पहुंची है और न ही वन विभाग की टीम. ग्रामीण डर और गुस्से में हैं, प्रशासन से मगरमच्छ को जल्द हटाने की मांग की जा रही है.

बरेली में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, कई वारदातों का हुआ खुलासा
बरेली के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों सचिन और गौरव को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी की तीन स्कूटी और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं. दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास है—सचिन पर 24 और गौरव पर 12 मुकदमे दर्ज हैं. जानकारी के अनुसार, दोनों की दोस्ती जेल में हुई थी और मुकदमों के खर्चों के लिए वे वाहन चोरी करते थे. पुलिस ने दोनों को पकड़कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तारी से कई चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है.

ललितपुर में एक सप्ताह से लापता नाबालिग का सुराग नहीं, परिजन बेहाल



ललितपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर से एक सप्ताह पूर्व लापता हुई 14 वर्षीय नाबालिग लड़की का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. लड़की स्कूल जाने के बाद घर नहीं लौटी, जिससे दिव्यांग पिता और बुजुर्ग मां की चिंता बढ़ गई है. परिजन लगातार बेटी की तलाश में भटक रहे हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. परिजनों ने प्रशासन से जल्द बच्ची को तलाशने की गुहार लगाई है. मामले को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है.

गोरखपुर के युवक की हत्या में लखनऊ पुलिस की लापरवाही उजागर, नाका इंस्पेक्टर निलंबित
गोरखपुर निवासी नवीन यादव की हत्या मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है. JCP क्राइम की जांच में पुष्टि हुई कि नाका पुलिस ने शिकायत के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की और तलाश में ढिलाई बरती. 24 जुलाई को चारबाग में ऑटो चालक ने नवीन को बंधक बनाकर हत्या कर दी थी. 27 जुलाई को शव लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करा दिया गया. पहले चौकी इंचार्ज को निलंबित किया गया था, अब इंस्पेक्टर नाका वीरेंद्र त्रिपाठी को भी निलंबित कर दिया गया है.

कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ की आशंका पर प्रशासन सतर्क
कानपुर में गंगा नदी के जलस्तर फिर से बढ़ रहा है. पीछे से आ रहे पानी के बाद गंगा तटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है संभावित बाढ़ की रोकथाम के लिए जल आयोग एवं सिंचाई विभाग ने चौकसी बढ़ा दी है हालांकि अभी गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से कुछ कम है बैराज पर अपस्ट्रीम में 113 मीटर और डाउनस्ट्रीम पर 112.220 मीटर पानी रिकॉर्ड किया गया इस समय 84,141 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया सभी चैनल खोल दिए गए यहां चेतावनी स्तर 114 मीटर व खतरे का स्तर 115 मीटर है.

प्रयागराज में बारिश और बाढ़ का खतरा बढ़ा, प्रशासन अलर्ट पर
संगम नगरी प्रयागराज में देर रात से लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है. बारिश और बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. आज ये नदियां 84.734 मीटर के डेंजर लेवल को पार कर जाएंगी. बाढ़ की आशंका को देखते हुए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस अलर्ट पर हैं. बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रेस्क्यू और राहत कार्य जारी हैं. राहत शिविर और कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है.

बुलंदशहर में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने जांच शुरू की

बुलंदशहर के औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव दौलताबाद में युवक संजय की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ घर लौट रहा था, तभी रास्ते में घूम रहे दो संदिग्ध युवकों को टोकने पर एक ने उसे गोली मार दी. मौके से पिस्टल और 315 बोर का खोखा बरामद हुआ है. संजय की पत्नी और बच्चे गाजियाबाद में रहते हैं, जबकि वह गांव में मां के साथ रह रहा था. घटना के बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एसएसपी ने मामले के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया है.

उन्नाव में शातिर टप्पेबाज का आत्मसमर्पण, पुलिस की सख्ती जारी

उन्नाव में एनकाउंटर के डर से शातिर टप्पेबाज इब्राहिम ने सदर कोतवाली में आत्मसमर्पण किया. इन्द्रानगर की महिला से जेवरात ठगने वाला इब्राहिम एसओजी और पुलिस की दबिश से घबराकर खुद थाने पहुंचा. आरोपी के पास से लूटे गए दो झाला और एक अंगूठी बरामद हुई हैं. इसके पहले उसके दो साथी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हो चुके हैं. आत्मसमर्पण करने वाला आरोपी उत्तराखंड का निवासी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है. उन्नाव पुलिस की कड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है.

हमीरपुर में यमुना-बेतवा का कहर, जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

हमीरपुर में यमुना और बेतवा नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जो खतरे के निशान से 3 से 4 मीटर ऊपर बह रही हैं. शहर के कई इलाकों में पानी घुस गया है, जिससे सैकड़ों घर प्रभावित हुए हैं. हजारों लोग अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर चुके हैं. कई परिवार सड़कों पर आशियाना बनाने को मजबूर हैं. प्रशासन ने यमुना और बेतवा पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. डीएम ने आदेश जारी कर वैकल्पिक मार्गों से भारी वाहन भेजने के निर्देश दिए हैं. हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *