Noida News: खेती और गायों की जीन में आएगा बदलाव! नोएडा में देश की पहली प्राइवेट जेनेटिक लैब शुरू
नोएडा: भारत की खेती और पशुपालन को नई दिशा देने वाला एक बड़ा कदम ग्रेटर नोएडा में उठाया गया है. लीड्स कनेक्ट की सहायक कंपनी लीड्स एग्री जेनेटिक्स ने देश का पहला निजी इंटीग्रेटेड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर कैटल एंड प्लांट जीनोमिक्स शुरू किया है. इस विशेष प्रयोगशाला का मकसद है- खेती और मवेशियों से जुड़ी रिसर्च को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और किसानों को बेहतर फसलें व पशु प्रजातियां उपलब्ध कराना.
इतना ही नहीं, लीड्स एग्री जेनेटिक्स ब्राजील से गिर नस्ल के भ्रूण आयात करने वाली भारत की पहली निजी कंपनी बन चुकी है. इस सेंटर का उद्घाटन बीएल एग्रो ग्रुप के चेयरमैन घनश्याम खंडेलवाल ने किया. उन्होंने कहा कि जीनोमिक्स यानी आनुवंशिक तकनीक अब सिर्फ लैब तक सीमित नहीं, बल्कि यह खेती की ताकत बनने जा रही है. इससे किसानों की पैदावार और आमदनी दोनों बढ़ेंगी.
लीड्स कनेक्ट सर्विसेज के चेयरमैन और एमडी नवनीत रविकर ने बताया कि भारतीय कृषि इस समय जलवायु परिवर्तन और सीमित संसाधनों की सबसे बड़ी चुनौती से जूझ रही है. ऐसे में यह सेंटर किसानों के लिए आत्मनिर्भर और सस्टेनेबल फार्मिंग का रास्ता खोलेगा.
लैब में लगे हैं विश्वस्तरीय उपकरण
इस सेंटर में विश्व की सबसे उन्नत मशीनें स्थापित की गई हैं, जैसे:
– एल्युमिना आई-स्कैन (Illumina iScan)
– नोवासेक (NovaSeq)
– पैक बायो (PacBio)
– ऑक्सफोर्ड नैनोपोर (Oxford Nanopore)
– 10X क्रोमियम (10X Chromium)
इन उपकरणों से पौधों और मवेशियों की आनुवंशिक पहचान तेज़, सटीक और किफायती होगी. इससे बेहतर नस्लें जल्दी तैयार होंगी, बीमारियों से बचाव आसान होगा, और खेती जलवायु परिवर्तन के अनुकूल बन सकेगी.
जीनोमिक्स ने बदला विज्ञान का चेहरा
इस पूरे प्रोजेक्ट का नेतृत्व डॉ. आशीष दुबे कर रहे हैं, जिन्हें इस लैब का चीफ बिजनेस ऑफिसर (CBO) नियुक्त किया गया है. डॉ. दुबे Redcliffe Labs के सह-संस्थापक हैं और उन्हें इस क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने कहा कि जीनोमिक्स ने पिछले एक दशक में विज्ञान की दुनिया को बदल कर रख दिया है और अब भारतीय कृषि को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने का वक्त आ गया है.
कंपनी से ऐसे जुड़ सकते हैं किसान
लीड्स एग्री जेनेटिक्स, बीएल एग्रो समूह की एक इकाई है, जो खेती को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक आनुवंशिक तकनीक पर काम कर रही है. लीड्स कनेक्ट सर्विसेज किसानों को डेटा-ड्रिवन समाधान जैसे: फसल निगरानी, नुकसान का आकलन, एग्री-क्रेडिट स्कोर, कृषि ऋण सहायता इत्यादि सेवाएं प्रदान करती है.