यूपी के कई जिलों में एनकाउंटर, गाजियाबाद में दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस मुठभेड़

0
यूपी के कई जिलों में एनकाउंटर, गाजियाबाद में दुष्कर्म के आरोपी से पुलिस मुठभेड़


गाजियाबाद: यूपी में गाजियाबाद की थाना इन्दिरापुरम पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लगी है. पुलिस ने नीतिखंड क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी और चोरी करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना बीती 15/16 अप्रैल की रात की है, जब नीतिखंड-2 स्थित एक निर्माणाधीन प्लॉट की झुग्गी में सो रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची को आरोपी ने अगवा किया और पास के पार्क में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया. आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर वापस छोड़ा और झुग्गी से 11,000 रुपये नकद औ एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था. तभी से पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी. कल देर रात गश्त के दौरान गौर ग्रीन से कनावनी पुलिया की ओर ग्रीन बेल्ट रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया. पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने का प्रयास किया.

खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू (निवासी: फर्रुखाबाद, हाल निवासी: गाजियाबाद) घायल होकर गिर पड़ा. उसके दोनों पैरों में गोली लगी है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 10 हजार रुपये बरामद किए है.

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी और अन्य अपराध करता है. उसने बताया कि चोरी किए गए रुपयों में से 1,000 रुपये उसने नशे पर खर्च कर दिए और मोबाइल किसी राहगीर को बेच दिया था. वह आज फिर किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था. गिरफ्तार अभियुक्त अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू के खिलाफ थाना इन्दिरापुरम में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले पंजीकृत हैं. पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है.

कानपुर में पुलिस मुठभेड़, लूटकांड का शातिर बदमाश गिरफ्तार
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है, जिसमें एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू में ले लिया गया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने 23 मार्च को एक महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी. मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, जिसके दौरान उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग भी की. जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

मेरठ में पुलिस-गौ तस्करों के बीच मुठभेड़, कुख्यात शाहरुख घायल
मेरठ में एक बार फिर पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है. किनानगर मोड़ के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से कुख्यात आरोपी शाहरुख घायल हो गया, जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसके पास से अवैध हथियार और गौकशी में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भावनपुर क्षेत्र के खेत में गौकशी की घटना हुई थी, जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी. इसी कड़ी में थाना भावनपुर पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है. फिलहाल घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.

औरैया में पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी, लूटकांड का खुलासा
औरैया जिले में पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ लगातार जारी है और एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. कोल्ड ड्रिंक कारोबारी बृजेश गुप्ता से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बाइक सवार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दो आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल की रात करीब नौ बजे तीन बदमाशों ने अवैध हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की गई और पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया. अछल्दा रोड पर दिबियापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में यह मुठभेड़ हुई. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से करीब 2 लाख 60 हजार रुपये, मोबाइल फोन, लैपटॉप, तीन 315 बोर के अवैध तमंचे और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है. फिलहाल दोनों घायल बदमाशों का इलाज कराया जा रहा है और पुलिस तीसरे आरोपी से पूछताछ कर अन्य जानकारियां जुटा रही है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *