यूपी लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा की सिटी स्लिप जारी, 21 मई को होगा एग्जाम
Last Updated:
UPSSSC Lekhpal City Slip 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा की सिटी स्लिप जारी कर दिया है. एडमिट कार्ड परीक्षा से कुछ दिन पहले जारी किया जाएगा.
UPSSSC Lekhpal City Slip 2026: लेखपाल भर्ती परीक्षा सिंगल शिफ्ट में होगी.
UPSSSC Lekhpal City Slip 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 11 मई 2026 को लेखपाल मुख्य परीक्षा 2026 के लिए सिटी स्लिप जारी कर दी है. जिन अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PET) के माध्यम से मुख्य परीक्षा के लिए योग्यता प्राप्त की है, वे अब आधिकारिक वेबसाइट UPSSSC पर जाकर अपनी परीक्षा सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं. आयोग द्वारा यह परीक्षा 21 मई 2026 को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी. यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 02-Exam/2025 के अंतर्गत आयोजित हो रही है.
इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से राजस्व लेखपाल के कुल 7994 पदों को भरा जाएगा. आयोग ने परीक्षा के आयोजन के लिए प्रदेश के 44 जिलों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए हैं. अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले उनके परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिटी स्लिप जारी की गई है, ताकि वे यात्रा और आवास की तैयारी समय रहते कर सकें.
कैसे डाउनलोड करें सिटी स्लिप
सिटी स्लिप डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि जैसी लॉगिन जानकारी का उपयोग करना होगा. वेबसाइट https://upsssc.gov.in/ पर लॉगिन करने के बाद अभ्यर्थी अपनी परीक्षा सिटी स्लिप आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल परीक्षा शहर की सूचना है और इसे प्रवेश पत्र (Admit Card) नहीं माना जाएगा.
सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड अलग-अलग
उम्मीदवारों को ध्यान रखना चाहिए कि सिटी स्लिप और एडमिट कार्ड दोनों अलग-अलग दस्तावेज हैं. सिटी स्लिप में केवल परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी दी जाती है, जबकि एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र का पूरा पता, रिपोर्टिंग समय, परीक्षा से जुड़े दिशा-निर्देश और उम्मीदवार की व्यक्तिगत जानकारी होती है. परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा, जिसे आयोग बाद में जारी करेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें और समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करें. परीक्षा से संबंधित किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
About the Author

Praveen Singh is an experienced journalist with approximately 10 years of experience in the field of media and journalism. Currently, he is associated with News18 Hindi, where he works on the Education & Career…और पढ़ें