SSC GD परीक्षा में बवाल: प्रयागराज में तोड़फोड़ और जाम, 5 जिलों की परीक्षा रद्द
Last Updated:
SSC GD Constable Exam: भीषण गर्मी, हजारों उम्मीदवारों की भीड़ और परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था… प्रयागराज में SSC GD परीक्षा के दौरान ऐसा बवाल मचा कि पूरा सेंटर रणक्षेत्र में बदल गया. सीट से ज्यादा अभ्यर्थियों को बुलाए जाने का आरोप लगाते हुए छात्रों ने परीक्षा केंद्र में जमकर तोड़फोड़ की और सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया. हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी, जबकि SSC को प्रयागराज समेत पांच जिलों की परीक्षा रद्द करनी पड़ी.
SSC exam, SSC Recruitment, SSC GD Constable Exam: एसएससी जीडी कांस्टेबल परीक्षा में बवाल.
SSC GD Constable Exam: उत्तर प्रदेश में कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की कांस्टेबल जीडी परीक्षा के दौरान प्रयागराज में बड़ा हंगामा देखने को मिला.परीक्षा केंद्र पर क्षमता से कहीं ज्यादा अभ्यर्थियों को बुला लिया गया, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. परीक्षा न दे पाने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में जमकर तोड़फोड़ की, सड़क पर चक्का जाम लगाया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया. वहीं तकनीकी कारणों का हवाला देते हुए प्रयागराज समेत पांच जिलों में दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी गई.
प्रयागराज के परीक्षा केंद्र पर कैसे बिगड़े हालात?
सोमवार को बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एसएससी कांस्टेबल जीडी परीक्षा देने के लिए प्रयागराज के अंदावा स्थित आई-टेक जोन सेंटर पहुंचे थे. यह केंद्र सीता सिंह सिंह महिला महाविद्यालय परिसर में बनाया गया था.अभ्यर्थियों का आरोप था कि जब केंद्र पर पर्याप्त सीटें और कंप्यूटर सिस्टम मौजूद नहीं थे, तो आखिर इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को यहां क्यों बुलाया गया. भीषण गर्मी में दूर-दूर से पहुंचे छात्रों को जब परीक्षा में बैठने की जगह नहीं मिली तो माहौल तनावपूर्ण हो गया.
क्षमता 650 सिस्टम की, लेकिन पहुंच थे 1000 से ज्यादा छात्र
जानकारी के मुताबिक आई-टेक जोन सेंटर पर दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा के लिए कुल 650 कंप्यूटर सिस्टम उपलब्ध थे,लेकिन दूसरी पाली में जहां लगभग 505 अभ्यर्थियों का सेंटर होना चाहिए था वहां 1035 छात्रों को आवंटित कर दिया गया. इसी तरह तीसरी पाली में 495 की जगह 1034 परीक्षार्थियों को केंद्र आवंटित कर दिया गया.केंद्र व्यवस्थापकों का कहना है कि उन्हें अभ्यर्थियों के अतिरिक्त आवंटन की जानकारी सोमवार को ही ईमेल के जरिए मिली थी. इतने कम समय में अतिरिक्त व्यवस्था करना संभव नहीं हो सका, जिसके चलते परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था फैल गई.
सीट नहीं मिली तो छात्रों ने शुरू कर दी तोड़फोड़
जब बड़ी संख्या में छात्रों को कंप्यूटर सिस्टम नहीं मिले तो उनका गुस्सा फूट पड़ा. नाराज परीक्षार्थियों ने परीक्षा कक्षों में रखे कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू, मॉनिटर, कुर्सियां और फर्नीचर तोड़ दिए.हंगामा इतना बढ़ गया कि कई कमरों में रखे एसी, कूलर, सीसीटीवी कैमरे, जेनरेटर और वाटर कूलर तक क्षतिग्रस्त हो गए. परीक्षा केंद्र में कुछ देर के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए और अफरा-तफरी मच गई.प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रों का गुस्सा लगातार बढ़ता गया क्योंकि उन्हें लग रहा था कि प्रशासन की गलती का खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है.
सड़क पर उतरे छात्र, जीटी रोड पर लगाया जाम
परीक्षा केंद्र में हंगामे के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बाहर निकल आए और सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों ने जीटी रोड पर चक्का जाम कर दिया जिससे यातायात प्रभावित हो गया.करीब एक घंटे तक सड़क पर हंगामा चलता रहा. इस दौरान लंबा जाम लग गया और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
पुलिस पहुंची, हालात संभाले गए
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे.ट्रेनी आईपीएस ईश्वर लाल गुर्जर, एसीपी थरवई अरुण पाराशर, एसीपी फूलपुर विवेक यादव और सराय इनायत थाना अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की.पुलिस ने किसी तरह आक्रोशित अभ्यर्थियों को शांत कराया और चक्का जाम हटवाकर यातायात बहाल कराया.इसी दौरान एक छात्र को पुलिस ने हिरासत में भी लिया. आरोप है कि वह लैपटॉप लेकर भाग रहा था.
About the Author

न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी की खबरों पर. करीब 15 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय. हिन्दुस्तान, दैनिक भास्कर के प्रिंट व …और पढ़ें