आधी रात आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि, सहारनपुर के शाकंभरी में अचानक आई बाढ़
Last Updated:
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार आधी रात को आए भीषण आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई है. सबसे भयावह मंजर प्रसिद्ध मां शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में देखने को मिला, जहाँ पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के बाद बरसाती नदी-नालों में अचानक आए तेज उफान से श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई. इस प्राकृतिक आपदा में कई वाहन ताश के पत्तों की तरह बह गए, जबकि तेज बहाव की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. प्रशासन द्वारा लगातार किए जा रहे अलर्ट को नजरअंदाज करना कई लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ.
Saharanpur News: सहारनपुर में गुरुवार आधी रात आए तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचा दी. शहर से लेकर देहात तक लोग रातभर मौसम के कहर से जूझते रहे. तेज हवाओं और बारिश के कारण कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. अचानक बदले मौसम से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. आंधी और तेज बारिश का सबसे ज्यादा असर मां शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में देखने को मिला. पहाड़ों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद बरसाती नदी और नालों में अचानक तेज बहाव आ गया.
शाकंभरी देवी मंदिर क्षेत्र में बहे वाहन, मची चीख-पुकार
देखते ही देखते वहां खड़े वाहन उसकी चपेट में आने लगे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई कारें और अन्य वाहन तेज बहाव में बह गए. मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई. तेज बहाव के बीच लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए. पानी इतना तेज था कि कई वाहन बहते चले गए और लोग रातभर अपने परिजनों व वाहनों की तलाश में जुटे रहे. भारी बारिश के कारण मंदिर क्षेत्र और आसपास के रास्तों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई. इस हादसे में सावित्री पत्नी चंद्रभान की पानी में बहने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी तेज बहाव की चपेट में आकर जान गंवा बैठा. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
चश्मदीदों का दावा: अलर्ट के बाद भी लापरवाही पड़ी भारी
चश्मदीदों का कहना है कि जब रात आंधी-तूफान आया तो पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार अलर्ट किया जा रहा था, लेकिन लोग फिर भी नहीं माने. कुछ लोगों को जबरदस्ती हम लोगों ने खींचा लेकिन वह अनाउंसमेंट सुनने को तैयार ही नहीं थे. यही कारण है कि उनकी लापरवाही उनकी जान पर बन आई, जबकि कुछ लोगों को हमने बचाने का प्रयास किया और हम सफल भी रहे. जबकि कुछ दुकानदारों का सामान भी पानी के साथ बह गया और कई लोगों के वाहन भी बह गए.
डीआईजी अभिषेक सिंह का बयान और रेस्क्यू अपडेट
जबकि इस घटना का निरीक्षण करने पहुंचे सहारनपुर डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि सहारनपुर जनपद में मां शाकंभरी सिद्धपीठ पर कल रात जो वर्षा हुई और ओलावृष्टि हुई उसमें यहां पर अचानक से पीछे से पानी आ गया. इसकी सूचना हमें पहले से ही ऐप पर मिल गई थी उसके बाद हमने जो यहां पर श्रद्धालु मौजूद थे उनको ऊंचाई पर पहुंचाया गया. लेकिन उसमें फिर भी दो महिलाएं बह गईं और उनकी डेड बॉडी हमें 300 मीटर आगे मिली है.
जबकि एक महिला अपने परिजनों के साथ दर्शन करने आई थी और किसी कारण से वह आश्रम से बाहर थी और वह पानी में बह गई, जबकि दूसरी महिला की अभी शिनाख्त कराई जा रही है. जबकि कुछ ट्रैक्टर बाहर खड़े थे वह पानी में बह गए उनको निकलवा कर यहां से बाहर पहुंचाया गया है जबकि कुछ यहां पर कंस्ट्रक्शन की मशीनें थीं उनको भी ठीक कराया जा रहा है. और अब ऊपर की तरफ भी पुलिस की ड्यूटी रहेगी और अगर पीछे से अचानक से पानी आने की संभावना बनती है तो जल्दी से हमें सूचना मिले और हम आगे लोगों को सुरक्षित कर सकें.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें