हाथरस से दिल्ली तक 6 घंटे का ऑपरेशन, OYO होटल से सुरक्षित मिलीं 3 लड़कियां
Last Updated:
उत्तर प्रदेश के हाथरस में लापता हुई तीन लड़कियों को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया. तीनों लड़कियां इंस्टाग्राम के जरिए कुछ युवकों के संपर्क में आई थीं और कथित तौर पर मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने के बहाने दिल्ली बुलाई गई थीं. हाथरस पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए द्वारका के एक OYO होटल से तीनों को बरामद किया. इस मामले में पांच युवकों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.
हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए लापता हुई तीन लड़कियों को महज 6 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया. तीनों लड़कियां घर से कॉल सेंटर में नौकरी पर जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. काफी देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई.
युवकों ने काम दिलाने का दिया था झांसा
जांच के दौरान पता चला कि तीनों लड़कियां इंस्टाग्राम के जरिए दिल्ली के कुछ युवकों के संपर्क में आई थीं. आरोप है कि युवकों ने उन्हें मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का झांसा देकर दिल्ली बुलाया था. सूचना मिलते ही हाथरस पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से लड़कियों की लोकेशन ट्रेस की और दिल्ली के द्वारका इलाके के एक ओयो होटल से तीनों को बरामद कर लिया.
आरोपियों से पुलिस कर रही है पूछताछ
पुलिस ने मौके से पांच युवकों को भी गिरफ्तार किया है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी, दिल्ली में ठेला लगाकर मोमोज बेचने का काम करते हैं. फिलहाल, पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही उनके इंस्टाग्राम अकाउंट और आपसी संपर्क की भी जांच की जा रही है.
स्वाट टीम की सराहना
हाथरस पुलिस तीनों लड़कियों को सुरक्षित दिल्ली से वापस लेकर आई है. वहीं, इस कार्रवाई में शामिल स्वाट टीम की सराहना करते हुए एसपी हाथरस ने टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है. यह पूरा मामला हाथरस के कोतवाली सदर क्षेत्र का है.
About the Author

विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें