आजमगढ़ का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस बरामद… ISI से जुड़े तार
Last Updated:
Azamgarh News: यूपी के आजमगढ़ निवासी एक शख्स को एटीएस टीम ने गिरफ्तार किया है, जिसके तार पाकिस्तानी गैंगस्टर और ISI से जुड़े थे. एटीएस ने आरोपी के पास से 9 एमएम की एक पिस्टल, चार कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है.
आजमगढ़ से संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसके तार पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है. एटीएस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित नेटवर्क के संपर्क में आया था और उसे आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार किया जा रहा था.
एटीएस ने आरोपी के पास से 9 एमएम की एक पिस्टल, चार कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है. जांच एजेंसी के अनुसार मोहम्मद शेख की पहचान ऐसे व्यक्ति के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके नेटवर्क से जुड़ा हुआ था.
अन्य लोगों को भी आतंकी ग्रुप से जोड़ने की साजिश
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मोहम्मद शेख का संपर्क पाकिस्तान और दुबई के मोबाइल नंबरों के माध्यम से संचालित नेटवर्क से था. एटीएस का दावा है कि आरोपी को पैसों का लालच और धार्मिक भावनाओं के आधार पर प्रभावित किया गया था. इसके अलावा वह अन्य लोगों को भी शहजाद भट्टी के कथित आतंकी गैंग से जोड़ने की कोशिश कर रहा था.
शहजाद भट्टी के गैंग से था संपर्क
सूत्रों से पता चला है कि मोहम्मद शेख का संपर्क शहजाद भट्टी के गैंग से जुड़े अजमल गुर्जर और राजा पाकिस्तान नामक व्यक्तियों से भी था. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को ट्रायल के तौर पर एक अन्य राज्य की राजनीतिक पार्टी की महिला नेत्री को धमकाने और बाद में उसकी हत्या के लिए तैयार किया जा रहा था.
पूछताछ के बाद होगा खुलासा
एटीएस के मुताबिक इस साजिश को अंजाम देने के लिए मोहम्मद शेख ने खुद ही पिस्टल और कारतूस की व्यवस्था की थी और महिला नेत्री की हत्या की तैयारी तक कर ली थी. फिलहाल यूपी एटीएस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि उसके नेटवर्क और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जा सके. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसियां सभी तथ्यों की पुष्टि में जुटी है कि कहीं इस ग्रुप में अन्य लोग भी शामिल तो नहीं.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.