घर की खुशियों को लगी किसकी नजर? शादी समारोह की तैयारियों के बीच बड़ा हादसा
Last Updated:
Mirzapur News: कभी-कभी घर की खुशियों में किसी की नजर लग जाती है और कुछ बड़ा हादसा हो जाता है. ऐसा ही कुछ हुआ मिर्जापुर के एक परिवार के साथ. घर में शादी की सालगिरह के जश्न की तैयारियों के बीच कुछ ऐसा हुआ, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. आइए आपको पूरी घटना बताते हैं.
मिर्जापुर अग्निकांड
मिर्जापुर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में विंध्याचल धाम स्थित निहुत महावीर मंदिर के पास शादी की सालगिरह के जश्न की तैयारियों के बीच एक परिवार पर गुरुवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. मकान में पनीर की सब्जी बनाते समय गैस पाइप लीकेज होने से भीषण आग लग गई, जिससे घर में रखा गृहस्थी का सामान और हजारों रुपये की नकदी जलकर राख हो गई. हादसे में एक व्यक्ति झुलसकर घायल भी हो गया.
जानकारी के अनुसार, शीला देवी पत्नी फूलचंद निषाद के पुत्र सोनू निषाद की शादी की सालगिरह के अवसर पर घर में विशेष भोजन बनाया जा रहा था. इसी दौरान शीला देवी के भाई राजकुमार रसोई में पनीर की सब्जी तैयार कर रहे थे. बताया जा रहा है कि खाना बनाते समय गैस चूल्हे की पाइप से गैस रिसने लगी और अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.
युवक के साहस से टला बड़ा हादसा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राजकुमार ने साहस दिखाते हुए जलते हुए गैस सिलेंडर को किसी तरह घर के बाहर फेंक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि इस दौरान वह खुद झुलसकर घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से सिलेंडर में लगी आग बुझाने का प्रयास किया. आसपास के लोगों ने भी पानी डालकर आग पर काबू पाने में मदद की. बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों में सुलग रही आग को पूरी तरह बुझाया.
नकदी, कपड़े और अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख
पीड़िता शीला देवी ने बताया कि अगले महीने परिवार में शादी का कार्यक्रम है, जिसके लिए घर में आवश्यक सामान और लगभग 20 हजार रुपये नकद रखे गए थे. आग की चपेट में आने से नकदी, कपड़े, बर्तन और अन्य गृहस्थी का सामान जल गया. आग बुझने के बाद कुछ जले हुए नोट और सिक्के ही मिल सके. घटना के समय शीला देवी पड़ोस में आयोजित शिव चर्चा में शामिल होने गई थीं, जबकि घर पर उनका बेटा, बहू और भाई मौजूद थे.
आग से हुए नुकसान के बाद परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों और आगामी शादी की तैयारियों को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि वे इस कठिन परिस्थिति से उबर सकें.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.