बांके बिहारी मंदिर में बड़ा हादसा! बंदरों की उछल-कूद से गिरा छज्जा
Last Updated:
Mathura news: वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में अचानक एक छज्जा गिर पड़ा, घटना के समय मंदिर के निकास द्वारा गेट नं. 4 में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी और छज्जा गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई. आइए आपको पूरी घटना बताते हैं.
बांके बिहारी मंदिर हादसा
मथुरा: उत्तर प्रदेश की पावन नगरी मथुरा के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया है, जहां मंदिर के गेट नंबर 4 के पास एक मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा. हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि छज्जे पर बंदरों के झूलने के कारण यह हादसा हुआ है.
वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के गेट नंबर 4 के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब सुशील गोस्वामी के मकान का छज्जा अचानक गिर पड़ा. घटना के समय मंदिर के निकास द्वारा गेट नं. 4 में श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी थी और छज्जा गिरते ही वहां अफरा-तफरी मच गई.
बंदरों के कूदने से गिरा छज्जा
बताया जा रहा है कि छज्जे पर कई बंदर उछल-कूद कर रहे थे. इसी दौरान छज्जा कमजोर होने के कारण टूटकर नीचे आ गिरा. छज्जे के मलबे की चपेट में आने से चार से पांच श्रद्धालु घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया. घायलों को तत्काल उपचार के लिए वृंदावन के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
भक्तों में दहशत का माहौल
घटना के बाद मंदिर क्षेत्र में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर एकत्र हो गए हैं. फिलहाल सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर मंदिर क्षेत्र में पुराने और जर्जर भवनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है.
About the Author

आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.