यूपी के बिजनौर में कुत्तों का आतंक, मासूम बच्चों को बना रहे निशाना, डर में लोग

0
यूपी के बिजनौर में कुत्तों का आतंक, मासूम बच्चों को बना रहे निशाना, डर में लोग


Last Updated:

यूपी के बिजनौर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलना भी बच्चों के लिए खतरे से खाली नहीं रह गया है. लगातार बढ़ रहे हमलों से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक पर तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Zoom

मासूमों पर कुत्ते कर रहे अटैक.

बिजनौर: यूपी के बिजनौर जिले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. आवारा कुत्ते घरों से निकलते ही मासूमों को निशाना बना रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है मंगलवार सुबह करीब आठ बजे. जहां नजीबाबाद के मोहल्ला मुगलूशाह में कुत्तों के झुंड ने तीन बच्चों पर हमला बोल दिया. बच्चे चीखते-चिल्लाते रहे लेकिन कुत्ते टस से मस नहीं हुए. मोहल्लेवासियों ने किसी तरह उन्हें बचाया उसके तीन घंटे बाद स्टेशन चौराहे पर एक कुत्ते ने एक बालक पर हमला कर दिया.

बालक का चेहरा बुरी तरह लहूलुहान हो गया. कुत्तों के हमलों की बढ़ रही घटनाओं से लोग दहशत में हैं. मोहल्ला मुगलूशाह में तीन बच्चों पर कुत्तों के हमले का वीडियो वायरल हुआ. शहजाद के पांच वर्षीय पुत्र मो. शहजान पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. कुत्ते बुरी तरह से बच्चे को नोंचने लगे. चीख-पुकार सुनकर लोग घरों से बाहर आए तो उन्होंने बच्चे को बचाया.

इसके बाद भी एक बार फिर से कुत्ते ने बालक पर हमले का प्रयास किया. इसी मोहल्ले में ही कुत्तों ने सात वर्षीय बालक मो. आजम और नौ वर्षीय अब्दुल हादी पर भी हमला किया. बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और कुत्तों को भगाया. तीनों बच्चों का अस्पताल में इलाज कराया गया. लगभग 11 बजे रेलवे स्टेशन चौराहे पर खानाबदोश परिवार के नौ वर्षीय बालक अर्जुन पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया.

कारोबारी पंकज सैन और आसपास के दुकानदारों ने बालक को कुत्ते से छुड़ाया. अर्जुन के चेहरे पर कुत्ते के काटने से गहरे जख्म हैं. उसकी आंख बाल-बाल बची. बालक को सरकारी अस्पताल में उपचार दिलाया गया. अन्य घायलों का भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है. कुत्तों के बढ़ रहे हमलों से लोग भयभीत हैं. एक सप्ताह पहले फोटोग्राफर परवेज अहमद पर भी कुत्ते ने हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया था.

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक अंकित कुमार ने बताया कि रोजाना कुत्तों के काटने के कई मरीज अस्पताल में टीकाकरण के लिए आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर पर पर्याप्त एंटीरेबीज वैक्सीन उपलब्ध हैं. पीड़ितों के लिए अस्पताल में सीरम व्यवस्था उपलब्ध है. चिकित्सक ने कुत्ते के काटने के तुरंत बाद अस्पताल पहुंचकर उपचार करने की सलाह दी.

About the Author

authorimg

Abhijeet ChauhanSub-Editor

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…और पढ़ें



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *